हादसा के विरोध में लोगों ने किया चक्काजाम; ड्राइवर फरार
रायपुर । राजधानी सहित आसपास जुड़े शहरों में हाईवा-ट्रक यमराज बनकर दौड़ रहे है। हर रोज सड़क दुर्घटना से मौत की खबरों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। औसतन सड़क दुर्घटना में हर माह 15-20 लोगों की मौत हो रही है।
आज सुबह गोबरा नवापारा इलाके में तेज रफ्तार हाईवा के चालक ने बाइक पर स्कूल छोड़ने जा रहे पिता समेत दो मासूम बच्चियों को कुचल दिया। जिससे मौके पर ही तीनों की मौत हो गई। घटना के बाद तर्री रोड स्थित बगदेहीपारा स्कूल के पास लोगों ने चक्काजाम कर दिया।
वहीं देर रात रिंग रोड चंगोराभाटा के पास अशोका मार्ट के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने डंपर को टक्कर मार दी। जिसमें ट्रक चालक की मौत हो गई
हाईवा की टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर गए। फिर वाहन चालक दोनों बेटी रिया यादव और वंशिका यादव समेत पिता शिवनाथ को बुरी तरह कुचलते हुए फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
घटना के विरोध में राजिम-रायपुर मुख्य मार्ग पर लोगों ने चक्का जाम कर दिया था। सूचना के बाद मौके पर पहुंची गोबरा नवापारा पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को शांत कराया। जिसके बाद सड़क से जाम हटाया गया।
लोगों के मुताबिक तेज रफ्तार गाड़ियों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन कोई व्यवस्था नहीं कर रहा है। जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। बहरहाल पुलिस ने तीनों शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। इस मार्ग पर रेत से भरे वाहनों की आवाजाही सबसे अधिक है। जिसके कारण राजिम -रायपुर मार्ग में इस तरह के हादसे होते रहते है।
देर रात रिंग रोड चंगोराभाटा के पास अशोका मार्ट के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने डंपर को टक्कर मार दी। घटना में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मामलें में पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया है कि ट्रक में सवार हेल्पर बुरी तरह घायल हो गया है।
जिसे इलाज के लिए तत्काल मेकाहारा अस्पताल भेजा गया था। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार में ट्रक चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलते हुए आगे जा रहे डंपर को पीछे से टक्कर मार दी। ट्रक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम, कू पर


