टीआरपी डेस्क। भारत समेत पूरी दुनिया में इस समय सोने की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर हैं। देश में 24 कैरेट सोना कई शहरों में ₹1,00,000 प्रति 10 ग्राम के करीब बिक रहा है। लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय बाजार के एक ताजा विश्लेषण में अनुमान लगाया गया है कि आने वाले वर्षों में सोने की कीमतों में लगभग 38% की भारी गिरावट हो सकती है। अगर ऐसा होता है, तो भारत में सोने का दाम घटकर ₹55,000–₹56,000 प्रति 10 ग्राम तक आ सकता है।

यह अनुमान अमेरिका की प्रतिष्ठित फाइनेंशियल रिसर्च फर्म मॉर्निंगस्टार के विश्लेषक जॉन मिल्स ने दिया है। उन्होंने बताया कि सोने की सप्लाई लगातार बढ़ रही है, जबकि डिमांड में धीरे-धीरे कमी देखने को मिल रही है। यही वजह है कि सोने की मौजूदा कीमतें लंबे समय तक टिक नहीं पाएंगी और आने वाले वक्त में तेज गिरावट संभव है।

रिपोर्ट के अनुसार, 2024 की दूसरी तिमाही में सोने की खनन लागत घटकर $950 प्रति औंस रह गई है। इसके साथ ही वैश्विक सोने का भंडार 9% बढ़कर 2.16 लाख टन तक पहुंच गया है। यानी अब बाजार में सोने की उपलब्धता काफी बढ़ चुकी है। सप्लाई बढ़ने के कारण कीमतों पर दबाव पड़ना तय माना जा रहा है।

See also  कार्तिक पूर्णिमा, देव दीपावली पर जानें कैसा रहेगा राशिफल

इसके अलावा, एक और अहम वजह सेंट्रल बैंकों की खरीदारी में संभावित गिरावट है। अब तक दुनियाभर के केंद्रीय बैंक सोने की भारी खरीद कर रहे थे, जिससे कीमतों को मजबूती मिल रही थी। लेकिन वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के ताजा सर्वे में सामने आया है कि करीब 71% सेंट्रल बैंक या तो अपने मौजूदा भंडार को यथावत रखने की योजना में हैं या उसे घटाने पर विचार कर रहे हैं। इससे भी मांग में कमी आने की संभावना है।

2024 में गोल्ड सेक्टर में मर्जर और अधिग्रहण (M&A) गतिविधियों में 32% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो बाजार के विशेषज्ञों के अनुसार इस बात का संकेत है कि मौजूदा कीमतें शायद अपने चरम पर पहुंच चुकी हैं और निवेशक अब मुनाफा निकालने की ओर बढ़ रहे हैं।

हालांकि, बाजार में सभी विश्लेषक इस गिरावट को लेकर एकमत नहीं हैं। कुछ बड़े अंतरराष्ट्रीय बैंक अब भी सोने की कीमतों में और तेजी की उम्मीद कर रहे हैं। बैंक ऑफ अमेरिका का मानना है कि अगले दो वर्षों में सोने की अंतरराष्ट्रीय कीमत $3,500 प्रति औंस तक पहुंच सकती है। वहीं, गोल्डमैन सैक्स ने अनुमान लगाया है कि साल के अंत तक यह कीमत $3,300 प्रति औंस तक जा सकती है। अगर ऐसा होता है, तो भारत में सोने की कीमतें 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार भी जा सकती हैं।

See also  दिल्ली से पंजाब तक बदल गए भाजपा के प्रदेश कप्तान, चुनाव से पहले हाईकमान ने लिया बहुत बड़ा फैसला! देखें लिस्ट