अंबिकापुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक स्कूटी सवार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। दरअसल स्कूटी सवार बारिश के बीच कहीं जा रहे थे। रास्ते में गिरे बिजली के तार में उसकी गाड़ी जा फंसी जिससे स्कूटी सवार के सड़क पर गिरने से उसे गंभीर चोट आई।

मामले को लेकर मृतक के परिजन बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि यदि बिजली विभगा ने समय रहते टूटे तारों को हटा लिया होता तो यह हादसा नहीं होता। बिजली विभाग की घोर लापरवाही आज किसी के मौत की वजह बन गई है।

मामले को लेकर बौरीपारा निवासी अभिषेक सोनी ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने बताया है कि सुरेश सोनी (अभिषेक के बड़े पापा) जो कि सुबह स्कूटी (CG-15-DX-6306) से अपने निवास स्थान से खरसिया नाका की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जयपुरी कुर्ती दुकान के सामने टूटे और खुले बिजली तार में फंसकर गिर गए और उनके सर पर चोट आई।

See also  छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार आते ही जातीय जनगणना कराएंगेः राहुल गांधी

अभिषेक ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि हादसे के बाद सुरेश सोनी तकरीबन एक घंटे तक बेहोशी की हालत में घटनास्थल पर पड़े रहे। बाद में पुलिस की मदद से उन्हें शासकीय अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर स्थित DKS अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान सुरेश सोनी की मौत हो गई, डॉक्टर्स ने उनके सिर की नस फटने को उनकी मौत की वजह बताया।

अभिषेक सोनी ने अपने आवेदन के साथ CCTV फुटेज भी प्रस्तुत किया है। जिसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 289 (खतरनाक कार्य में लापरवाही) और 125(ए) (लोक सेवक के रूप में कर्तव्य में लापरवाही) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।