बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में संचालित कन्या आश्रम में एक आदिवासी छात्रा के गर्भवती होने का मामला सामने आने के बाद एक बार फिर पूरे प्रदेश में सनसनी फैल गई है। भोपालपटनम के कन्या आश्रम में रहकर पढ़ने वाली 12वीं की छात्रा के गर्भवती होने की पुष्टि जिला अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 9 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है, जिसकी अगुवाई भानुप्रतापुर विधायक सावित्री मंडावी करेंगी।

कन्या आश्रम में ही बिगड़ी तबियत

जानकारी के अनुसार, 17 वर्षीय छात्रा गर्मी की छुट्टी के बाद 10 जुलाई को अपने घर से भोपालपटनम स्थित कन्या आश्रम लौटी थी। छात्रा ने यहीं रहकर 11वीं की पढ़ाई पूरी की थी। 20 जुलाई को उसे चक्कर आने और पेट में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद हॉस्टल वार्डन तोंडेश्वरी शेट्टी ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

प्राथमिक जांच के बाद छात्रा को बीजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां मेडिकल परीक्षण में साढ़े तीन महीने की गर्भावस्था की पुष्टि हुई। छात्रा की मां ने इलाज कराने से इनकार करते हुए उसे अपने साथ वापस घर ले गईं। हैरानी की बात ये है कि अभी तक इस मामले में पुलिस थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है।

See also  दो कारों से 160 किलो गांजा जब्त, 4 तस्कर गिरफ्तार

कांग्रेस ने जांच करने का लिया फैसला

प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा बनाई गई जांच टीम जल्द ही भोपालपटनम कन्या आश्रम का दौरा करेगी और पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी। समिति पीड़िता और अन्य संबंधित लोगों से मुलाकात कर रिपोर्ट तैयार करेगी।