टीआरपी डेस्क। हिमाचल प्रदेश में हो रही भारी बारिश ने प्रदेशभर में तबाही मचा दी है। भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलनों और बाढ़ से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कों का संपर्क टूट गया है, स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं और लोगों को अपने घरों में ही सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।
भूस्खलन से टूटी सड़कें, 617 रास्ते बंद
राज्य में 4 नेशनल हाईवे समेत कुल 617 सड़कें बंद हो चुकी हैं। जगह-जगह भूस्खलन के कारण वाहन फंसे हुए हैं और कई रास्ते पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गए हैं। सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र मानकपुर और दवनी को जोड़ने वाला पुल भी तेज बारिश में बह गया, जिससे कामगारों और उद्योगपतियों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है।
स्कूलों में छुट्टी, 1491 ट्रांसफार्मर ठप
ठियोग, चौपाल, कुमारसैन, आनी और निरमंड उपमंडलों समेत शिमला और सोलन जिले के कई क्षेत्रों में शैक्षणिक संस्थान बंद कर दिए गए हैं। 1491 बिजली ट्रांसफार्मर और 265 जल योजनाएं भी प्रभावित हैं, जिससे ग्रामीण और शहरी इलाकों में बिजली-पानी की भारी किल्लत हो गई है।
गाड़ियां मलबे में दबीं, दुकानें क्षतिग्रस्त
निरमंड के उर्टू क्षेत्र में भारी बारिश के चलते नाले का जलस्तर बढ़ने और भूस्खलन के कारण 5 गाड़ियां मलबे में दब गईं, जबकि 7 दुकानों को क्षति पहुंची है। वहीं, किन्नौर में कैलाश यात्रा मार्ग कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हुआ है और प्रशासन ने फंसे यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
कालका-शिमला और मंडी-कुल्लू हाईवे बंद
कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर चक्कीमोड़ के पास भूस्खलन से मलबा सड़क पर आ गया है, जिससे यातायात पूरी तरह ठप है। इसी तरह, एनएच-3 (मंडी-कुल्लू) मार्ग पर रातभर यात्री फंसे रहे। एक तेल टैंकर पर गिरा पत्थर और मलबा हटाने का कार्य अभी भी जारी है।
अब तक 2033 घर-गोशालाएं तबाह, 194 की मौत
20 जून से अब तक 194 लोगों की मौत, 301 घायल, 36 लापता, 86 सड़क हादसों में मौत, 2033 मकान व दुकानें क्षतिग्रस्त, 1610 गोशालाएं तबाह, और 1551 मवेशियों की मौत दर्ज की गई है। अब तक का कुल नुकसान 1,85,252.98 लाख रुपये आंका गया है।
मौसम विभाग का अलर्ट: 12 अगस्त तक भारी बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 अगस्त तक पूरे प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कसौली, धर्मपुर, गोहर, मालरांव जैसे इलाकों में बीती रात 100 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। येलो अलर्ट अभी भी प्रभावी है।



