टीआरपी डेस्क। तेलंगाना के करीमनगर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी ने YouTube पर हत्या का तरीका खोजा और अपने प्रेमी की मदद से पति को मौत के घाट उतार दिया।

करीमनगर की रमादेवी नाम की महिला ने पहले YouTube पर बिना पकड़े हत्या करने की तरकीब खोजी। उसे एक ऐसा तरीका मिला जिसमें बताया गया कि अगर किसी के कान में कीटनाशक डाली जाए, तो उसकी मौत हो सकती है।

प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश

रमादेवी की एक ठेले पर सर्वपिंडी बेचने के दौरान राजैया नाम के युवक से नजदीकियां बढ़ीं। धीरे-धीरे ये रिश्ता पति संपत की नजरों में आ गया। इसके बाद रमादेवी ने प्रेमी राजैया के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बना डाली।

पार्टी में दिया घटना को अंजाम

राजैया ने संपत को पार्टी में बुलाया और शराब पिलाई।
नशे की हालत में जब संपत बेहोश हो गया, तो उसके कान में कीटनाशक दवा डाल दी। कुछ देर में संपत की मौत हो गई।

See also  भूपेश कैबिनेट BREAKING: बड़ा फैसला- रामवन गमन पथ पर्यटक के रूप में होगा विकसित, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

पहले से दर्ज करवाई थी गुमशुदगी

हत्या से पहले ही रमादेवी ने चालाकी दिखाते हुए संपत की गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज करवा दी थी। लेकिन जब रमादेवी ने खुद ही पुलिस को बताया कि पति का शव मिल गया है, तो पुलिस को शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर रमादेवी ने खुद ही सारा सच बता दिया।

प्रेमी और पत्नी ने किया गुनाह कबूल

पुलिस की पूछताछ में रमादेवी और राजैया ने हत्या की साजिश और उसे अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली है।अब पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।