रायपुर। Weather Update : छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है और प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। शनिवार दोपहर रायपुर में मौसम ने करवट ली और तेज बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। प्रदेश के कई इलाकों में आज बादल छाया रहा। इसी बीच मौसम विभाग ने बस्तर, नारायणपुर और कांकेर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर संभाग के अन्य जिलों में भी मध्यम बारिश के आसार जताए गए हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतर हिस्सों में मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई है। शुक्रवार की रात रायपुर में लगभग एक घंटे तक तेज बारिश हुई, जिससे शहर की सड़कों पर पानी भर गया। वहीं शनिवार सुबह से ही बादल छाए रहने के कारण उमस में कमी आई है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के ऊपर बने लो प्रेशर एरिया का असर छत्तीसगढ़ में दिखाई दे रहा है। इसी प्रणाली के चलते आने वाले एक सप्ताह तक प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश का दौर बना रहेगा।


