रायपुर। देशभर में बड़ी संख्या में पढ़े–लिखे लोग साइबर ठगों का शिकार बन रहे हैं। राजधानी रायपुर में घटित ऐसे ही एक मामले में खुद को टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) का अधिकारी बताकर ठगों ने एक महिला साइंटिस्ट को जाल में फंसा लिया और 42 लाख रुपए की ठगी कर ली। महिला वैज्ञानिक ने बताया कि ठगों ने उन्हें डिजिटल अरेस्ट में रखकर लगातार मानसिक दबाव बनाया और ह्यूमन ट्रैफिकिंग में शामिल होने का डर दिखाकर उनसे रकम निकलवा ली। 

जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला की उम्र 72 वर्ष है और वह चंडीगढ़ स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ माइक्रो बीएल टेक्नोलॉजी से बतौर साइंटिस्ट रिटायर हुई हैं। वर्तमान में वह रायपुर में रह रहीं हैं। 

ठगों ने इस तरह महिला को फंसाया

 ठगों ने महिला को यह कहकर डराया कि उनका मोबाइल नंबर और बैंक खाता ह्यूमन ट्रैफिकिंग और मनी लॉन्ड्रिंग जैसी गंभीर आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल हो रहा है। उन्होंने अगर तुरंत जांच में सहयोग नहीं किया तो उन्हें जेल जाना पड़ सकता है।  

See also  Raipur City Crime: सीबीआई अफसर बनकर रिटायर्ड क्लर्क को किया Digital arrest, वसूले 14 लाख रुपए

ठगों ने महिला से कहा कि अब वह डिजिटल अरेस्ट में हैं। इसका मतलब यह था कि जब तक जांच पूरी नहीं होगी, उन्हें मोबाइल और इंटरनेट पर निगरानी में रहना होगा। लगातार वीडियो कॉल और फोन पर दबाव बनाकर उन्हें मानसिक रूप से बंधक बना लिया गया। भयभीत महिला वैज्ञानिक ने ठगों की बातों पर विश्वास कर लिया और अपने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया  खाते से अलग-अलग किश्तों में कुल 42 लाख रुपए RTGS के माध्यम से ठगों के बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगी का एहसास होने पर महिला ने तुरंत मामले की शिकायत पुलिस से की। उनकी शिकायत पर कोतवाली थाने में अज्ञात ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।