टीआरपी डेस्क। Spiritual Journey of Rajinikanth : सुपरस्टार रजनीकांत ने फिलहाल फिल्मों से ब्रेक ले लिया है। वे इन दिनों हिमालय की ओर आध्यात्मिक यात्रा पर निकले हैं। रजनीकांत को इस दौरान पत्तल पर सादगी से भोजन करते देखा गया। सादगीभरे अंदाज और आध्यात्मिक रुझान के चलते ही वे अपने करोड़ों फैंस के दिलों में जगह बना पाए हैं।
दोस्तों के साथ यात्रा
रजनीकांत अपने दोस्तों के साथ ऋषिकेश पहुंचे। वे मुनि की रेती शीशमझाड़ी स्थित स्वामी दयानंद आश्रम गए। आश्रम में उन्होंने स्वामी दयानंद सरस्वती के समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद रजनीकांत ने ध्यान-साधना की और गंगा घाट पर आयोजित गंगा आरती में भी भाग लिया।
ग्लैमर से दूर सादगीभरा अंदाज
रजनीकांत का यह सादा रूप फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया है। एक तस्वीर में वे सड़क किनारे पत्तल पर परोसे गए भोजन का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर यह तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। फैंस लगातार लिख रहे हैं कि रजनीकांत जैसे सुपरस्टार का इतना विनम्र और सरल जीवन जीना ही उन्हें सबसे खास बनाता है।
रजनीकांत की यात्रा को लेकर फैंस में उत्साह
Spiritual Journey of Rajinikanth : फिल्मों से दूर रहने के बावजूद रजनीकांत की हर गतिविधि उनके प्रशंसकों के लिए खबर बन जाती है। उनकी हिमालय यात्रा से जुड़े फोटो और वीडियो लगातार वायरल हो रहे हैं। कहा जा रहा है कि वे इस दौरान ध्यान और साधना से खुद को रिचार्ज करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि फिल्मों में लौटने पर पहले से ज्यादा ऊर्जा के साथ दर्शकों का मनोरंजन कर सकें।



