टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ में आज लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा। राजधानी रायपुर में सुबह धूप निकलने के बावजूद धुंध का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में शीत लहर चलने की चेतावनी जारी की है। हालांकि अगले 24 घंटे के बाद तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं। अनुमान है कि, अगले तीन दिनों में तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे ठंड से कुछ राहत मिलेगी।

प्रदेश के सभी क्षेत्रों में शुक्रवार को मौसम शुष्क रहा। बलरामपुर-रामानुजगंज में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर, दुर्ग और सरगुजा संभाग के एक-दो इलाकों में शीत लहर का प्रभाव देखा गया। फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है।

मौसम विभाग ने कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा, जशपुर, कबीरधाम, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़-चौकी, बालोद, दुर्ग और रायपुर जिलों के एक-दो इलाकों में शीत लहर की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।

See also  CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी ने किया परेशान, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

रायपुर में आज सुबह धुंध छाए रहने की संभावना है। बारिश के कोई आसार नहीं हैं और मौसम शुष्क बना रहेगा। अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जिससे ठंड का असर बना रहेगा।