कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में खरीदी केंद्रों से करोड़ों का धान गायब होने के मामले में दूसरी FIR पेंड्रीकला धान उपार्जन केंद्र प्रभारी के खिलाफ की गई है। यहां की जांच मे 2272 क्विंटल धान की कमी पायी गई है जिसकी कीमत 70 लाख रुपये बताई जा रही है।

पिछले दिनों कवर्धा जिला धान की अफरा-तफरी के मामले में राष्ट्रीय मीडिया में सुर्खियां बना था। दरअसल यहां के कुछ केंद्रों में करोड़ों का धान गायब मिला, जिसके बाद खरीदी केंद्र प्रभारी ने अपनी सफाई में कहा कि धान को चूहे, चिड़िया और कीट खा गए। कबीरधाम जिले में इस केंद्र के साथ ही कुल 9 खरीदी केंद्रों में भारी मात्रा में धान की कमी पाई गई। अब इन केंद्रों के प्रभारियों एवं अन्य स्टाफ के खिलाफ पुलिस में FIR दर्ज कराइ जा रही है।

इसी कड़ी में जिले के पेंड्रीकला धान उपार्जन केंद्र में खरीदे गए धान के भौतिक सत्यापन और रिकॉर्ड मिलान के दौरान बड़ी अनियमितता उजागर हुई। जांच में स्पष्ट हुआ कि दस्तावेजों में दर्ज धान की मात्रा और गोदाम में उपलब्ध धान में भारी अंतर है। शुरुआती जांच के बाद खरीदी केंद्र प्रभारी विवेक चंद्राकर को इस गड़बड़ी का जिम्मेदार ठहराया गया है। प्रशासन की ओर से कुंडा थाना में खरीदी केंद्र प्रभारी विवेक चंद्राकर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया गया है। आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत, कूट रचना सहित BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर के बाद से फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

See also  करोड़ों के मोबाइल फोन से लदे ट्रक को लूटकर हुए फरार, एमपी में हुई वारदात की यूपी में FIR दर्ज