रायपुर। रायपुर शहर में होली का पर्व शांतिपूर्वक रहा, लेकिन ग्रामीण इलाकों में हत्या की तीन अलग-अलग घटनाओं से सनसनी फैल गई। ये वारदातें आरंग, खरोरा और विधानसभा थाना क्षेत्र के ग्राम बरबंदा इलाके में हुईं। पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक मामले में आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
आरंग में हत्या के बाद फैला तनाव
आरंग में होली जलाने के दौरान हुए विवाद में नीरज लोधी नामक युवक की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि सुबह रंग खेलने के दौरान कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को समाज के हवाले करने की मांग को लेकर पुलिस को घेर लिया। पुलिस आरोपी के घर पहुंच गई है, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जमा हो गए थे। हालात को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उधर विधानसभा थाना क्षेत्र के ग्राम बरबंदा में दिनेश विश्वकर्मा की गांव के तीन युवकों ने कथित रूप से हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था, जो जानलेवा साबित हुआ।
इसी तरह खरोरा थाना क्षेत्र के माठ गांव में 18 वर्षीय मोहित निषाद की हत्या कर दी गई। घटना के बाद हमलावर युवक फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है और आसपास के इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।


