बिलासपुर। बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से संचालित होने वाली उड़ानों का नया समर शेड्यूल जारी कर दिया गया है। यह शेड्यूल 1 मई से 24 अक्टूबर तक लागू रहेगा। एयरलाइन कंपनी एलायंस एयर द्वारा जारी इस समय-सारिणी में जहां कुछ नई कनेक्टिविटी जोड़ी गई है, वहीं दिल्ली के लिए उड़ानों में कटौती की गई है।

नई व्यवस्था के अनुसार अब बिलासपुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में केवल चार दिन उड़ानें उपलब्ध रहेंगी, जबकि पहले यह सेवा सप्ताह के सातों दिन संचालित होती थी। खास बात यह है कि यह कटौती यात्रियों की कमी के कारण नहीं, बल्कि विमान की उपलब्धता कम होने की वजह से की गई है।

नए शेड्यूल में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए कोलकाता के लिए सप्ताह में दो दिन और प्रयागराज के लिए एक दिन उड़ान शुरू की जा रही है। हालांकि, प्रयागराज के लिए पहले सप्ताह में चार उड़ानें उपलब्ध थीं, जिसे घटाकर एक कर दिया गया है।

See also  बीरगांव में ईंट भट्टी पर मारा छापा, 3 नाबालिग बच्चियों का किया गया रेस्क्यू

वहीं, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उड़ानों के समय में भी बदलाव किया गया है। दिल्ली-प्रयागराज-बिलासपुर रूट पर रविवार को नई फ्लाइट जोड़ी गई है। इस फ्लाइट के तहत दिल्ली से दोपहर 2:45 बजे उड़ान भरकर प्रयागराज होते हुए शाम 6:20 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। इसके बाद शाम 6:45 बजे बिलासपुर से दिल्ली के लिए वापसी उड़ान संचालित होगी।

दिल्ली-बिलासपुर-अंबिकापुर रूट पर भी सेवाएं जारी रहेंगी, जबकि बिलासपुर-कोलकाता और अंबिकापुर-बिलासपुर सेक्टर में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। हालांकि, कुछ समय-सारिणी में बदलाव कर यात्रियों के लिए बेहतर समन्वय की कोशिश की गई है।