सरगुजा। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में खराब सड़क को लेकर वार्डवासियों ने ऐसा विरोध प्रदर्शन किया, जिसकी पूरे शहर में चर्चा हो रही है। वार्ड क्रमांक 43 राजेंद्र प्रसाद वार्ड के रहवासियों ने एक साल पहले बनी जर्जर सड़क का “जन्मदिन” मनाते हुए बीच सड़क पर केक काटा और राहगीरों को बांटा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के महज एक वर्ष के भीतर ही सड़क पूरी तरह खराब हो गई है, जिससे आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नगर निगम के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और नाली सफाई की मांग उठाई।

सड़क के मुद्दे पर जीतीं महिला पार्षद

वार्ड की निवासी शशिकला तिवारी ने बताया कि यहां की महिला पार्षद खराब सड़क के जीर्णोद्धार का वादा करके ही पिछला चुनाव जीतीं हैं, मगर जितने के बाद उन्होंने सड़क पर ध्यान नहीं दिया, जबकि शहर के मेडिकल कॉलेज और अस्पताल को जोड़ने वाला यही प्रमुख मार्ग है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि वार्ड पार्षद ने अपने घर के सामने की सड़क का तीन–तीन बार पुनर्निर्माण कराया, मगर इस सड़क पर ध्यान नहीं दिया जो साल भर में ही जर्जर हो गई।

See also  PAPER LEAK : बिहार में एक और घोटाला, परीक्षा से पहले वायरल हुआ बीपीएससी पीटी का पेपर, परीक्षार्थियों ने किया हंगामा VIDEO

वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि शहर में खराब सड़क को सुधारने के बजाय अच्छी स्थिति में मौजूद सीसी रोड पर दोबारा डामरीकरण कराया जा रहा है, जो संसाधनों की बर्बादी है। उन्होंने इस कार्य में अनियमितता और लापरवाही की भी आशंका जताई।

पहले नाली बनाएं, फिर सड़क

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गुरुप्रीत सिद्धू ने बताया कि अक्सर सड़क पहले बनाई जा रही है, फिर नाली, मगर इसके चलते सड़क टूटने लगती है। उनकी मांग है कि पहले नाली का निर्माण कराया जाए, फिर सड़क बनाई जाए।

इस अनोखे विरोध के जरिए स्थानीय लोगों ने नगर निगम पार्षद और महापौर का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की है। फिलहाल, इस प्रदर्शन की चर्चा पूरे शहर में हो रही है और लोग इसे प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाने का अनोखा तरीका मान रहे हैं।