टीआरपी डेस्क। राजस्थान से झारखंड तक बनी ट्रफ लाइन के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में बड़ा बदलाव आया है। शनिवार शाम राजधानी रायपुर समेत बिलासपुर, दुर्ग और अंबिकापुर में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। इस दौरान रायपुर के कई हिस्सों में घने बादल छाने से अंधेरा पसर गया, वहीं भिलाई में तेज आंधी के बाद बौछारें पड़ीं। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से अस्थायी राहत मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले 2 दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। रायपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों में आज भी बारिश की आशंका जताई गई है। विभाग का अनुमान है कि 11 मई के बाद आंधी-तूफान की इन गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आएगी।

See also  देश में कोरोना की अब तक की बड़ी उछाल, 24 घंटे में करीब 5000 नए केस और 120 मौतें

राहत के इस दौर के बाद गर्मी एक बार फिर तेवर दिखाएगी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 11 मई के बाद मौसम साफ होते ही तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश के तापमान में हल्की गिरावट आई है। राजनांदगांव में सबसे अधिक 41.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि जगदलपुर में सबसे कम 20.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ है।

प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है, विशेषकर तेज हवाओं के चलते पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है। ट्रफ लाइन के असर से हो रही यह प्री-मानसून गतिविधि पूरे प्रदेश में अलग-अलग प्रभाव डाल रही है।