रायपुर: चिलचिलाती धूप और उमस से परेशान छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। प्रदेश में मानसून (Monsoon in Chhattisgarh) की एंट्री का काउंटडाउन शुरू हो गया है। मौसम विभाग (IMD Chhattisgarh) के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 4 से 5 दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में दस्तक दे देगा। राहत की बात यह है कि मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के रास्ते मध्य भारत की तरफ तेजी से आगे बढ़ रहा है।
फिलहाल, मौसम वैज्ञानिकों ने अगले 5 दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में आंधी-तूफान, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश (Heavy Rain Alert) की आशंका जताई है। खासकर दक्षिण छत्तीसगढ़ (बस्तर संभाग) में मौसम की हलचल सबसे ज्यादा रहने वाली है।
बिलासपुर में पारा 41.6 डिग्री, सक्ती के चंद्रपुर में झमाझम बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के तापमान में कोई बहुत बड़ा उलटफेर नहीं देखा गया। बिलासपुर शहर (Bilaspur Weather Update) एक बार फिर सबसे गर्म रहा, जहाँ अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
इस बीच, प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून की बारिश (Pre-Monsoon Rain) भी हुई है। सक्ती जिले के चंद्रपुर में सबसे ज्यादा 20 मिलीमीटर पानी गिरा। इसके अलावा गरियाबंद के देवभोग, बस्तर और जांजगीर-चांपा के नवागढ़ में 10-10 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे लोगों को उमस से थोड़ी राहत मिली है।
आखिर क्यों अचानक बदल रहा है मौसम? (Why Weather is Changing)
मौसम के इस मिजाज के पीछे वैज्ञानिक कारण (Weather System) हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस समय झारखंड और उसके आसपास के आसमान में एक ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा (Cyclonic Circulation) बना हुआ है। इसके साथ ही, झारखंड से लेकर सीधे तेलंगाना तक एक ट्रफ लाइन (Trough Line) गुजर रही है, जो छत्तीसगढ़ के बीच से होकर जा रही है।
यह पूरा सिस्टम बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी खींच रहा है। इसी वजह से बादलों की गड़गड़ाहट और बारिश की स्थिति बन रही है। इसके अलावा, उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर भी एक चक्रवाती सिस्टम एक्टिव है, जो आने वाले दिनों में मौसम को और ज्यादा बदलेगा।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा तापमान?
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 5 दिनों तक छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान (Maximum Temperature) में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। यानी पारा 41 से 42 डिग्री के आसपास ही टिका रहेगा, लेकिन दोपहर के बाद चलने वाली ठंडी हवाएं और आंधी-बारिश लोगों को गर्मी से राहत देती रहेंगी।



