Bangladesh vs Australia ODI Series: ढाका। बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को लगातार दूसरे वनडे में हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। यह पहली बार है जब बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज जीतने में सफलता पाई है।
ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन उसकी शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने बिना कोई रन बनाए तीन विकेट गंवा दिए। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्होंने 7 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट झटके।
Bangladesh vs Australia ODI Series: शुरुआती झटकों से ऑस्ट्रेलिया दबाव में
ऑस्ट्रेलिया 25 रन पर ही चार विकेट खोकर संकट में आ गई थी। हालांकि, मार्नस लाबुशेन (नाबाद 55) और जेवियर बार्टलेट (52) ने पारी को संभालने की कोशिश की। बारिश के कारण खेल बाधित होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 42 ओवर में 8 विकेट पर 187 रन बनाए थे।
बारिश के चलते आगे खेल संभव नहीं हो सका, जिसके बाद अंपायरों ने ऑस्ट्रेलिया की पारी समाप्त घोषित कर दी और डीएलएस नियम के तहत बांग्लादेश को 41 ओवर में 192 रन का संशोधित लक्ष्य दिया। बांग्लादेश की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए तस्कीन अहमद और मुस्तफिजुर रहमान ने 3-3 विकेट चटकाए, जबकि तनवीर इस्लाम ने 2 विकेट हासिल किए।
Bangladesh vs Australia ODI Series: लक्ष्य का पीछा कर बांग्लादेश की दमदार वापसी
लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की शुरुआत भी खराब रही और तंजिद हसन बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद सौम्य सरकार (47) और नजमुल हसन शांतो (41) ने दूसरे विकेट के लिए 86 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला।
हालांकि, मध्यक्रम में लगातार विकेट गिरने से स्कोर 98 रन पर 3 विकेट हो गया। इसके बाद कप्तान लिटन दास ने 21 रन, तौहीद हृदय ने नाबाद 40 रन, मेहदी हसन मिराज ने नाबाद 22 रन और मोहम्मद हुसैन ने 15 रन की अहम पारियां खेलीं और टीम को जीत दिलाई। बांग्लादेश ने 35 ओवर में 5 विकेट पर 195 रन बनाकर मुकाबला 5 विकेट से अपने नाम कर लिया।



