रायपुर/तिल्दा। मामूली कहासुनी ने दो दोस्तों की जिंदगी उजाड़ दी। तिल्दा के सासाहोली गांव में 10वीं पास 16 साल के छात्र अमन यदु की चाकू लगने से मौत हो गई। वहीं हमले में दूसरा किशोर भी गंभीर घायल है। दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे और दोस्त थे।
‘मोटा’ कहने से शुरू हुआ था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि 10वीं बोर्ड की परीक्षा के दौरान घायल किशोर ने अमन को “मोटा” कहकर चिढ़ाया था। तभी से दोनों में मनमुटाव चल रहा था।
स्कूल से लौटते वक्त हुआ खूनी खेल
शुक्रवार को स्कूल से लौटते समय अमन ने दूसरे किशोर को रास्ते में बुलाया। फिर घर से लाया हुआ सब्जी काटने वाले चाकू से उसके गले पर वार कर दिया। बचाव में घायल किशोर ने चाकू छीनकर अमन पर पलटवार कर दिया। झड़प में दोनों लहूलुहान हो गए।

अस्पताल में अमन ने तोड़ा दम
इस घटना के बाद परिजन दोनों को अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान अमन यदु की मौत हो गई। दूसरे किशोर का इलाज जारी है और डॉक्टर निगरानी में हैं।
एक ही गांव, एक ही वार्ड
इस मामले में दोनों छात्र सासाहोली गांव के रहने वाले हैं। हाल ही में इन्होंने 10वीं पास की थी। दोनों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। घायल किशोर के पिता शिक्षक हैं। दोनों परिवार एक-दूसरे के परिचित हैं। घर भी 400 मीटर की दूरी पर हैं।
गांव में पुलिस अलर्ट
घटना के बाद गांव में तनाव की आशंका पर पुलिस सतर्क है। फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है। तिल्दा पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वैधानिक कार्रवाई जारी है।
छोटी बात, बड़ा सबक
यह घटना बताती है कि किशोरों के बीच मामूली कहासुनी और भावनात्मक तनाव कैसे जानलेवा बन सकता है। एक तकरार ने एक घर का बेटा छीन लिया, दूसरा परिवार संकट में है।



