जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा में चलाए जा रहे किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक संवेदनशील मामले में सफलता मिली है। पुलिस ने 23 वर्षीय पंजाब निवासी सेवक सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पाकिस्तान समर्थित ISI नेटवर्क के संपर्क में रहने और संवेदनशील सूचनाएं साझा करने का आरोप है।

कैसे पकड़ में आया आरोपी

पुलिस के अनुसार सेवक सिंह अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित एक किराए के मकान में रह रहा था। जिले में चल रहे किरायेदार सत्यापन अभियान के तहत जब पुलिस टीम सत्यापन के लिए पहुंची तो पूछताछ में युवक के जवाब संदिग्ध लगे। शक होने पर पुलिस ने उसके मोबाइल की जांच की।

मोबाइल से मिले अहम डिजिटल साक्ष्य

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आरोपी के मोबाइल से पाकिस्तान, सऊदी अरब समेत कई विदेशी नंबरों से बातचीत के सबूत मिले हैं। पुलिस का दावा है कि मोबाइल में व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड और कई डिजिटल सामग्री मिली है जो राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी है। इन साक्ष्यों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

See also  गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस नेता की तबियत बिगड़ी, जानें क्या है मामला?

क्या है पुलिस का दावा

जांच अधिकारियों के अनुसार आरोपी पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तान स्थित ISI समर्थित तत्वों के संपर्क में था। वह व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम के जरिए लगातार संवाद कर रहा था। पुलिस का आरोप है कि सेवक सिंह छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संवेदनशील स्थानों, वाहनों के नंबर प्लेट और फोटो-वीडियो जैसी गोपनीय सूचनाएं विदेशी हैंडलर्स को भेज रहा था।

दर्ज हुआ मामला, आगे की जांच जारी

आरोपी के खिलाफ थाना अकलतरा में भारतीय न्याय संहिता BNS की धारा 152 और 61(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी एंगल से जांच की जा रही है। हालांकि इन सभी आरोपों की अंतिम पुष्टि विस्तृत जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।