बीजापुर। मानसून पूर्व खेती की तैयारी के बीच बीजापुर जिले में डीजल की भारी किल्लत को लेकर किसान सड़कों पर उतर आए। यहां विधायक विक्रम मंडावी के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकालकर विरोध जताया और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल डीजल उपलब्ध कराने की मांग की।

नैमेड़ से जिला मुख्यालय तक निकली ट्रैक्टर रैली

रैली नैमेड़ स्थित नए बस स्टैंड से शुरू हुई। सैकड़ों ट्रैक्टरों की लंबी कतार में शामिल किसान नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे। रैली का मार्ग विभिन्न डीजल पंपों के सामने से होकर गुजरा, जहां किसानों ने डीजल देने की मांग उठाई। बाद में रैली नए बस स्टैंड पर सभा और धरने में बदल गई।

“डीजल नहीं तो खेती कैसे करेंगे”

किसानों ने बताया कि पंपों पर पर्याप्त डीजल नहीं मिल रहा, जिससे खरीफ फसल की जोताई-बुआई का काम रुक गया है। किसानों का कहना है, “ट्रैक्टर कर्ज लेकर खरीदे हैं। खेती से ही कर्ज चुकाना है। डीजल नहीं मिलेगा तो बुवाई कैसे होगी?” किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार सप्लाई बढ़ाने के बजाय कीमतों में लगातार इजाफा कर रही है।

See also  पंचतत्व में विलीन हुए पत्रकार रमेश नैयर, अंतिम यात्रा में उमड़ा समाज

विधायक मंडावी की चेतावनी: समाधान नहीं तो बड़ा आंदोलन

सभा को संबोधित करते हुए विधायक विक्रम मंडावी ने कहा, “मानसून सिर पर है और किसान डीजल के लिए धक्के खा रहे हैं। सरकार बिना परेशानी पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराए।” उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या बनी रही तो किसानों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, रखीं 5 प्रमुख मांगें

विधायक ने किसानों के साथ कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि जिले में डीजल की भारी किल्लत के कारण लंबी कतारें लग रही हैं और किसान बुआई नहीं कर पा रहे। 

प्रमुख मांगें:

1. जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराया जाए

2. किसानों को ट्रैक्टरों के लिए पर्याप्त मात्रा में डीजल दिया जाए

3. जरूरत के अनुसार किसानों को ड्रमों में डीजल उपलब्ध कराया जाए

4. कुटरू, गंगालूर, भैरमगढ़, आवापल्ली, बासागुड़ा और मद्देड़ में नए पेट्रोल पंप खोले जाएं

5. खाद-बीज की तत्काल व्यवस्था की जाए

See also  मुख्यमंत्री बघेल ने लगवाया कोरोना वैक्सीन, बीजेपी सरकार पर साधा निशाना

इस मौके पर कांग्रेस नेताओं समेत बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद थे।