रायपुर। राजधानी में एक्सपायरी मिल्क पाउडर पिलाने से नवजात बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने मेकाहारा गेट के पास स्थित लक्ष्मी मेडिकल हॉल पर एक्सपायरी सामान बेचने का आरोप लगाते हुए मौदहापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मेडिकल हॉल का CCTV फुटेज सुरक्षित रखने और सीएमएचओ से जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
जुड़वा बच्चियों के लिए खरीदा था मिल्क पाउडर
पीड़ित चंद्रशेखर कन्नौजे ने बताया कि 29 जून को उनकी पत्नी डागेश्वरी कन्नौजे ने जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया था। मां का दूध कम होने पर डॉक्टरों ने मिल्क पाउडर की पर्ची लिखी। 30 जून को पिता ने मेकाहारा गेट के पास लक्ष्मी मेडिकल हॉल से MRP पर मिल्क पाउडर का डिब्बा खरीदा।
दूध पिलाने के बाद बिगड़ी तबीयत, एक्सपायरी निकली डेट
परिजनों के अनुसार दोनों में से एक नवजात को मिल्क पाउडर का दूध पिलाया गया। 4 जुलाई को बच्ची की तबीयत बिगड़ी तो डॉक्टरों को दिखाया गया। ICU में भर्ती करने के बाद डॉक्टरों ने डिब्बे की एक्सपायरी डेट देखी और बताया कि एक्सपायरी मिल्क पाउडर की वजह से हालत बिगड़ी है।
डिब्बा छीनकर दूसरा दे दिया
परिजनों का आरोप है कि जब वे डिब्बा लेकर मेडिकल हॉल पहुंचे और हंगामा किया, तो संचालक ने उनसे डिब्बा छीनकर दूसरा डिब्बा दे दिया।

इलाज के दौरान हुई मौत, FIR की मांग
दो दिन ICU में इलाज के बाद 5 जुलाई को नवजात बच्ची की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने मौदहापारा थाने में लिखित शिकायत दी।
थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने मेडिकल हॉल संचालक को CCTV फुटेज सुरक्षित रखने का नोटिस जारी किया है। साथ ही सीएमएचओ कार्यालय को पत्र भेजकर एक्सपायरी मिल्क पाउडर बेचने के आरोपों की जांच की मांग की गई है।
इस घटना के बाद कन्नौजे परिवार गहरे सदमे में है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।


