शनिवार, 3 अक्तूबर 2026 शनि, 3 अक्तू॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
बॉलीवुड

Captain Smit Machar: कैप्टन स्मित की बहादुरी का कायल हुआ बॉलीवुड; सलमान, रणवीर सिंह से लेकर तमन्ना ने कहा ये है रियल हीरो

Captain Smit Machar: फ्लाइदुबई की फ्लाइट FZ1073 में कॉकपिट हमले के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर ने अपनी सूझबूझ से 170 से अधिक यात्रियों की जान बचा ली। 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही इस उड़ान में कॉकपिट के भीतर ही उनके को-पायलट ने […]

Captain Smit Machar praised by Bollywood celebrities after Flydubai Flight FZ1073 cockpit attack
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

Captain Smit Machar: फ्लाइदुबई की फ्लाइट FZ1073 में कॉकपिट हमले के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर ने अपनी सूझबूझ से 170 से अधिक यात्रियों की जान बचा ली। 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही इस उड़ान में कॉकपिट के भीतर ही उनके को-पायलट ने उन पर अचानक हमला कर दिया था।

ऐसी जख्मी हालत में भी कैप्टन मच्छर ने कॉकपिट का दरवाजा खोलकर क्रू मेंबर्स को अंदर आने का मौका दिया, जिससे स्थिति पर काबू पाया जा सका। इस अदम्य साहस और बहादुरी के लिए पूरा बॉलीवुड कैप्टन स्मित मच्छर के जज्बे को सलाम कर रहा है।

सलमान खान ने कहा- आपके साथ उड़ान भरने में खुशी होगी

सलमान खान ने शनिवार को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर कैप्टन स्मित मच्छर की तारीफ की। उन्होंने लिखा, “कमाल कर दिया पायलट जी, हम सब आपको सलाम करते हैं। आपके साथ भविष्य में उड़ान भरकर खुशी होगी। वेल डन ब्रो कैप्टन स्मित मच्छर।”

रणवीर सिंह और विक्की कौशल ने भी किया सलाम

सलमान खान के अलावा रणवीर सिंह, विक्की कौशल, सनी देओल और तमन्ना भाटिया समेत कई बॉलीवुड सितारों ने भी कैप्टन की बहादुरी की सराहना की। रणवीर सिंह ने कैप्टन के साहस की तारीफ करते हुए लिखा, “कैप्टन का साहस।” विक्की कौशल ने कैप्टन स्मित मच्छर की मुस्कुराते हुए तस्वीर अपनी आधिकारिक इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की। उन्होंने इसके साथ लिखा, “बहादुर कैप्टन स्मिट मच्छर।” सनी देओल ने एक्स पर लिखा कि कैप्टन स्मित मच्छर ने आपात स्थिति में अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि कैप्टन ने एक आपदा को टालकर कई लोगों की जिंदगी बचाई और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

तमन्ना भाटिया ने 170 से ज्यादा यात्रियों का किया जिक्र

तमन्ना भाटिया ने कैप्टन स्मित मच्छर की जिम्मेदारी का जिक्र करते हुए लिखा कि घायल होने और अपनी जिंदगी के लिए संघर्ष करने के बावजूद वह उन 170 से अधिक यात्रियों के बारे में सोच रहे थे, जो उन पर निर्भर थे। उन्होंने कैप्टन को दिल से सम्मान दिया और उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना की।

अनिल कपूर ने फ्लाइंग स्कूल के दिनों का किस्सा बताया

वरिष्ठ अभिनेता अनिल कपूर ने कैप्टन की वीरता की तारीफ करते हुए अपने दोस्त जलाल की बात याद की। अनिल कपूर ने लिखा, “जब यह हुआ तो जलाल ने मुझे कहा कि वो स्मित को फ्लाइंग स्कूल के समय से जानता है और ये भी जानता है कि कैप्टन मच्छर वो शख्स हैं, जिसे वह मुश्किल घड़ी में अपने साथ रखना चाहेगा। तभी मैं ये सोचने पर मजबूर हो गया था कि स्मित कितने साहसी होंगे। स्मित ने उस मोमेंट पर जो किया वह उनके साहस को दर्शाता है। बहुत हिम्मत चाहिए होती है इस तरह की परिस्थिति में खुद से ऊपर दूसरों के बारे में सोचने के लिए।”

फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में क्या हुआ?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 को कैप्टन स्मित मच्छर उड़ा रहे थे। इसी दौरान उनके को-पायलट ने कॉकपिट में उन पर हमला कर दिया। उस समय बोइंग में 170 से अधिक लोग सवार थे।

अचानक हुए हमले के बाद विमान तेजी से नीचे आने लगा। घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छर ने कॉकपिट का दरवाजा खोला। इसके बाद क्रू मेंबर और यात्री अंदर आ सके और स्थिति को संभाला जा सका। हमलावर को काबू में करने के बाद विमान का रुख सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़ा गया। विमान वहां सुरक्षित रूप से उतर गया।

Rajnisen
लेखक / पत्रकार:

Rajnisen

शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सरोकार रिपोर्टर

सामाजिक न्याय एवं महिला सशक्तिकरण विषयों पर लेखन

स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, शिक्षा व्यवस्था और जनसुविधाओं पर विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन