जयपुर। आर्टिफिशल इंटेलिजेंस में दुनिया का सबसे शक्तिशाली सुपरकंप्यूटर डीजीएक्स-2 भारत में भी आ गया है। इसे जोधपुर स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में लगाया गया है। इससे देश में आर्टिफिशिल इंटेलिजेंस प्रशिक्षण गतिविधियों को बल मिलने की उम्मीद है। आईआईटी जोधपुर में कंप्यूटर साइंस विभाग के अध्यक्ष डॉ. गौरव हरित ने कहा, ‘यह दुनिया में अपनी तरह का सबसे तेज और आर्टिफिशल इंटेलिजेंस ऐप्लिकेशंस के लिए सबसे शक्तिशाली सुपरकंप्यूटर है जो भारत में पहली बार आया है। इसे यहां एक विशेष प्रयोगशाला में लगाया गया है।

डॉ. हरित ने कहा कि लगभग 2.50 करोड़ रुपये की लागत वाले इस कंप्यूटर की क्षमता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें 16 विशेष जीपीयू कार्ड लगे हैं और प्रत्येक की क्षमता 32 जीबी की है। इसकी रैम 512 जीबी की है। उन्होंने कहा कि आम कंप्यूटर की क्षमता केवल 150 से 200 वाट होती है जबकि इस सुपरकंप्यूटर की क्षमता 10 किलोवाट की है। इससे एआई के बड़े ऐप्लिकेशन के प्रशिक्षण में मदद मिलेगी।

हर कंप्यूटर प्रोग्राम डेटा विश्लेषण पर आधारित होता है और यह विश्लेषण इस सुपरकंप्यूटर में बहुत तेजी से होगा। कंप्यूटर में लगे 32 जीबी क्षमता के 16जीपीयू कार्ड इसे क्षमता के लिहाज से खास बना देते हैं और इसका परफॉर्मेंस काफी बढ़ जाता है। देश में इस समय आईआईएससी बेंगलुरू सहित कुछ संस्थानों में डीजीएक्स-1 सुपरकंप्यूटर मौजूद हैं। डीजीएक्स-2 सुपरकंप्यूटर पहली बार देश में आया है और इसकी क्षमता पहले वाले वर्जन से लगभग दोगुनी है।

मोटे तौर पर समझें तो डीजीएक्स-1 से जिस काम को करने में 15 दिन लगते हैं, उस काम को डीजीएक्स-2 सिर्फ डेढ़ दिन में कर देगा। इस कंप्यूटर की इंटरनल स्टोरेज 30 टीबी है

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।