रायपुर। छत्तीसगढ़ की जनता के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार जल्द ही सीएम हेल्पलाइन नंबर (CM Helpline) की शुरुआत करने जा रही है। यह नंबर 24 घंटे एक्टिव रहेगा, जिससे राज्य का कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या या शिकायत सीधे सरकार तक पहुंचा सकेगा।

तय समय में होगा काम, वरना नपेंगे अधिकारी

जशपुर रवाना होने से पहले रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस योजना का खाका पेश किया। दरअसल, सरकार का मकसद है कि आम आदमी को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

जानकारी के अनुसार यह हेल्पलाइन नंबर 24×7 काम करेगा। शिकायतों के निराकरण के लिए एक डेडलाइन (समय सीमा) तय की जाएगी। अगर तय वक्त पर अफसर ने समाधान नहीं किया, तो उन पर कड़ी कार्रवाई होगी। शिकायतकर्ता को उनके मोबाइल पर अपडेट भी दिया जाएगा।

विधानसभा सत्र और बंगाल चुनाव पर तंज

बता दें कि सीएम ने विधानसभा में निंदा प्रस्ताव के लिए बुलाए गए विशेष सत्र पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जब पीएम मोदी महिलाओं को 33% आरक्षण देने की बात कर रहे थे, तब कांग्रेस ने इसका विरोध किया, जो महिलाओं के साथ बड़ा अन्याय है। वहीं, पश्चिम बंगाल दौरे का जिक्र करते हुए सीएम ने दावा किया कि ममता बनर्जी की सरकार से वहां की जनता तंग आ चुकी है और इस बार बीजेपी वहां सरकार बनाएगी।

See also  भागीरथी मांझी ने नाम वापसी के एक दिन पहले ही नाम वापस ले लिया

इस हेल्पलाइन के शुरू होने से छत्तीसगढ़ के दूर-दराज इलाकों जैसे बस्तर, सरगुजा और जशपुर के ग्रामीणों को रायपुर आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कलेक्ट्रेट और तहसील दफ्तरों में अटकी फाइलें अब तेजी से दौड़ेंगी क्योंकि सीधे सीएम सचिवालय से इसकी मॉनिटरिंग होगी। इससे भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी और आम लोगों का सिस्टम पर भरोसा बढ़ेगा।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।