रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में 6वीं की छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार छात्रा के दो नाबालिग साथी ने यह कृत्य किया है। हॉस्टल में रहने वाली छात्रा की बार-बार तबीयत बिगड़ रही थी। जब छात्रा का मेडिकल चेकअप हुआ तो पता चला कि वो प्रेग्नेंट है। जिसके बाद ही गैंगरेप का खुलासा हुआ। घटना कोरंधा थाना क्षेत्र की है।

पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिग छात्रों के खिलाफ रेप का केस दर्ज किया है। दोनों आरोपी पिछले कुछ माह से छात्रा से रेप कर रहे थे। बता दें कि कोरंधा थानाक्षेत्र में संचालित एक निजी स्कूल में छात्रा कक्षा छठवीं में पढ़ती है। निजी स्कूल के संचालक का हॉस्टल भी है, जहां एक कमरे में लड़के और दूसरे में लड़कियां रहती हैं।

पीड़ित आदिवासी छात्रा दीपावली की छुट्टी में जब घर गई थी, जहां उसकी तबीयत बिगड़ी तो परिजनों ने जड़ी-बूटी से उसका उपचार कराया था। छात्रा के स्वस्थ होने पर उसे फिर से हॉस्टल भेज दिया गया। बाद में छात्रा की तबीयत फिर बिगड़ी तो डॉक्टरी जांच में प्रेग्नेंट होने की जानकारी सामने आई। जिसके बाद इसकी सूचना कोरंधा पुलिस को दी गई। कोरंधा थाना प्रभारी विरासत कुजुर ने बताया कि छात्रा से महिला जांच अधिकारियों ने बात की तो उसने हॉस्टल में रहने वाले एक छात्र और एक बाहर रहने वाले स्कूली छात्र द्वारा कुछ माह पूर्व गैंगरेप करने और कई बार अलग-अलग रेप करने की जानकारी दी।

पुलिस ने पूछताछ के बाद बीती रात दोनों छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। दोनों आरोपी नाबालिग है। फिलहाल छात्रा की मेडिकल जांच कराई जाएगी एवं सोनोग्राफी भी की जाएगी।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।