टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी मुहिम को एक और बड़ी सफलता मिली है। राज्य की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सोमवार को तहसील कार्यालय सूरजपुर में पदस्थ बाबू जुगेश्वर राजवाड़े को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई रायपुर से आई एसीबी की टीम ने तहसील परिसर में अंजाम दी।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी बाबू एक किसान से जमीन के नामांतरण (mutation) के बदले 25,000 रुपये की मांग कर रहा था। किसान ने यह बात एसीबी को बताई, जिसके बाद टीम ने पहले शिकायत की पुष्टि की और फिर जाल बिछाकर ट्रैप ऑपरेशन को अंजाम दिया। तयशुदा रकम लेते ही जुगेश्वर को गिरफ्तार कर लिया गया और घूस की रकम बरामद कर ली गई।

पूरे ऑपरेशन की वीडियोग्राफी भी की गई, ताकि पुख्ता सबूत के साथ कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा सके। एसीबी आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस भ्रष्टाचार में अन्य कर्मचारी तो शामिल नहीं हैं।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।