टीआरपी। Free Ayodhya Tirthyatra : अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के पश्चात छत्तीसगढ़ सरकार की तीर्थयात्रा योजना के तहत अब तक 29 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या, काशी धाम की निःशुल्क यात्रा कर चुके हैं। इसी के अंतर्गत दुर्ग एवं बस्तर संभाग के 13 जिलों के 876 तीर्थ यात्रियों का दल विशेष ट्रेन से अयोध्या के लिए रवाना हुआ। सांसद संतोष पांडेय ने राजनांदगांव और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने दुर्ग रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शुरू किए गए श्री रामलला दर्शन अयोध्या धाम योजना अंतर्गत श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम की निःशुल्क यात्रा कराई जा रही है। इस योजना के अंतर्गत राज्य में 29 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या धाम की यात्रा कर चुके हैं। राजनांदगांव और दुर्ग रेल्वे स्टेशन से रवाना होने वाले श्रद्धालुओं में अयोध्या धाम की यात्रा को लेकर भारी उत्साह एवं खुशी झलक रही थी। श्रद्धालु जयश्री राम के जयकारे के साथ ढोल-मंजीरे की मंगल ध्वनि के साथ रवाना हुए।

See also  बड़ी खबरः सस्पेंड हुई महिला पटवारी, नामांतरण में चलाती थी मनमर्जी


बस्तर वासियों में खुशी की लहर


सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि प्रभु श्रीराम ने अपने वनवास काल का अधिकतम समय छत्तीसगढ़ में व्यतीत किया। अयोध्या जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन करने की सभी की इच्छा होती है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए बस्तर संभाग के सुदूर अंचल के श्रद्धालुओं में खुशी की लहर देखते बन रही है। बस्तर संभाग के नागरिक देश एवं प्रदेश की मुख्यधारा में सम्मिलित हो चुके हैं।


छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि दुर्ग और बस्तर संभाग के श्रद्धालुओं की अयोध्या धाम की यात्रा के लिए आज तीसरी ट्रेन राजनांदगांव से रवाना हुई है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, दुर्ग की महापौर अलका बाधमारे, जिला पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष किरण वैष्णव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु और उनके परिजन उपस्थित थे।

रिपोर्टर श्रवण शर्मा 28 वर्षों से पत्रकारिता जगत में कार्यरत हैं। पूर्व में लगभग 7 वर्षो तक दिल्ली के प्रतिष्ठित अखबारों में पत्रकार के रूप में कार्य किया। इसके पश्चात विगत 21 वर्षों से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कार्यरत हैं। दैनिक जागरण ग्रुप के नईदुनिया संस्थान में 17 वर्ष तक कार्य किया। वर्तमान में टीआरपी न्यूज में गत वर्ष से कार्य कर रहे हैं।
पत्रकारिता जगत में राजनीतिक खबरों से लेकर खेल, धर्म-समाज, पर्यटन, संस्कृति, पुरातत्व, समाज एवं कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण आयोग, महिला आयोग, सहित विविध विभागों की रिपोर्टिंग का अनुभव रहा है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सामाजिक क्षेत्र में बदलाव और आम जनता की समस्याओं को सटीक रूप से उजागर करना है।