बुधवार, 4 नवंबर 2026 बुध, 4 नवं |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

Ambikapur Congress leader assaulted: अंबिकापुर में कांग्रेस नेता से मारपीट, गंभीर रूप से घायल, रायपुर रेफर

Ambikapur Congress leader assaulted: अंबिकापुर में कांग्रेस नेता से मारपीट, गंभीर रूप से घायल, रायपुर रेफर
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य
TRP अलर्ट्स

ताज़ा समाचार तुरंत पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कांग्रेस मंडल अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह सिद्धू को कुछ लड़कों ने मिलकर पीटा है। इसका CCTV भी सामने आया है। वीडियो में बीच सड़क 7-8 लड़के उन्हें लात-घूसों से मारपीट करते नजर आए। इस दौरान उनके आंखों पर भी घूंसा मारा गया।

सिर में चोट लगने के कारण गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें रायपुर रेफर किया गया है। आरोप है कि बचाव के लिए आई पत्नी से भी मारपीट की गई। घटना मणिपुर थाना क्षेत्र के दर्रीपारा की है। मारपीट के बाद परिवार वालों ने थाने पहुंचकर FIR दर्ज कराई।

कांग्रेस नेता का आरोप है कि इस हमले के पीछे भाजपा नेता प्रकाश साहू का हाथ है, दोनों के बीच पुराना विवाद भी है। हालांकि, प्रकाश साहू ने इन आरोपों से इनकार किया है।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, दर्रीपारा के कांग्रेस मंडल अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह सिद्धू 29 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे कार से घर पहुंचे थे। वे कार को पोर्च में खड़ा करने के लिए मोड़ रहे थे। इस दौरान उसी मोहल्ले में रहने वाला साहिल साहू अपने कुछ साथियों के साथ कार से वहां पहुंचा।

आरोप है कि साहिल ने गुरप्रीत सिंह की कार के सामने अपनी कार खड़ी कर रास्ता रोक दिया। साहिल और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए गुरप्रीत सिंह से विवाद शुरू कर दिया।

विवाद बढ़ने पर अन्य लोग पहुंचे, जमकर पीटा

साहिल साहू ने विवाद की जानकारी अपने पिता सुनील साहू को दी। इसके बाद सुनील साहू, संजीव चटर्जी और कुछ अन्य लोग मौके पर पहुंचे। विवाद बढ़ने पर सभी ने सड़क पर ही गुरप्रीत सिंह सिद्धू के साथ मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट की आवाज सुनकर उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर सिद्धू भी मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई। गुरप्रीत सिंह सिद्धू ने आरोप लगाया है कि उन पर हमला भाजपा नेता प्रकाश साहू के कहने पर कराया गया। आरोपियों ने घर में घुसकर पहले उकसाया, फिर मारपीट की।

थाने में पहुंचे दोनों पक्ष, घायल रायपुर रेफर

मारपीट के बाद गुरप्रीत सिंह सिद्धू के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेसी मणिपुर थाने पहुंचे। वहीं, दूसरे पक्ष से प्रकाश साहू और उनके समर्थक भी थाने पहुंचे।

प्रकाश साहू ने उन पर हमला कराने के आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि घटना के समय वे अपने घर पर थे। उन्होंने बताया कि गुरप्रीत सिंह से उनका पुराना विवाद है, इसलिए इस मामले में उनका नाम जबरन जोड़ा जा रहा है।

मारपीट के बाद कांग्रेस नेता को रायपुर भेजा गया

थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद गुरप्रीत सिंह सिद्धू को देर रात मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां उनका मेडिकल जांच (एमएलसी) कर इलाज किया गया।

सिर में गंभीर चोट की आशंका को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया। रात करीब 2 बजे उन्हें रायपुर रेफर किया गया है।

TRP Desk S
लेखक / पत्रकार:

TRP Desk S

विशेष संवाददाता

The Rural Press के लिए निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकार से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्टिंग।

The Rural Press सम्पादकीय दल सभी खबरें देखें →
विज्ञापन