बुधवार, 9 सितंबर 2026 बुध, 9 सित |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

Atal Shrivastav Statement: ‘कठपुतली सरकार’ से लेकर 20 साल खनन रोकने तक, विधायक अटल श्रीवास्तव के BJP पर बड़े आरोप

Congress MLA Atal Shrivastav speaking on Chhattisgarh politics and Bastar development
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

Atal Shrivastav Statement: आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के छत्तीसगढ़ सरकार के हाईजैक वाले बयान के बाद प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव ने संजय सिंह के बयान का समर्थन करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।

उन्होंने राज्य सरकार को कठपुतली सरकार बताते हुए आरोप लगाया कि केंद्र में नीतियां बनती हैं और छत्तीसगढ़ में उनका केवल इंप्लीमेंटेशन किया जाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उद्योगपतियों के हिसाब से विधेयक पास किए जा रहे हैं।

अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा को लेकर BJP पर निशाना

कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा में दरार आने के मामले को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार इतना ज्यादा है कि अपने ही नेता की मूर्ति में भी भ्रष्टाचार किया जा रहा है। अटल श्रीवास्तव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी छत्तीसगढ़ के निर्माता हैं, लेकिन भाजपा अपने ही पितृ पुरुष का सम्मान नहीं कर पा रही है।

बस्तर में तिरंगा यात्रा को बताया प्रचार

बस्तर में तिरंगा यात्रा अभियान को लेकर भी कांग्रेस विधायक ने भाजपा पर निशाना साधा। अटल श्रीवास्तव ने कहा कि बस्तर में पहले से ही तिरंगा फहराया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि पहले जगदलपुर एक जिला हुआ करता था, लेकिन अब बस्तर में सात जिले हैं। उनके मुताबिक, भाजपा केवल प्रोपेगेंडा करना चाहती है।

बोले- बस्तर में अगले 20 साल सिर्फ विकास हो

अटल श्रीवास्तव ने बस्तर के विकास को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अगले 20 साल तक बस्तर में केवल विकास पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने बस्तर में अस्पताल और स्कूल बनाने की जरूरत बताई। साथ ही कहा कि अगले 20 साल तक बस्तर में किसी तरह का खनन नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि इस संबंध में कोई प्रस्ताव लाया जाता है तो वह उसका समर्थन करेंगे।