रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर-कोरबा हाईवे पर एक डीजल चोरी करने वाले गैंग की सक्रियता ने ट्रांसपोर्टरों को परेशान कर दिया है। यह गिरोह ट्रकों से चंद मिनटों में डीजल चोरी कर लेता है। इतना ही नहीं अब यह गैंग पेट्रोल पंपों पर खड़ी गाड़ियों को भी निशाना बना रहा है। ट्रांसपोर्टरों का आरोप है कि पुलिस को बार-बार शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

कैसे काम करता है गैंग?

मिली जानकारी के मुताबिक, यह गैंग बिना नंबर प्लेट वाली महिंद्रा स्कॉर्पियो का उपयोग करता है। इसमें 4-5 लोग शामिल होते हैं, जो हाई-स्पीड पोर्टेबल पंप की मदद से कुछ ही मिनटों में टैंक को खाली कर देते हैं। अगर कोई चालक चोरी रोकने की कोशिश करता है, तो यह गिरोह उसे धमकाता है और मारपीट करता है, जिससे चालक भागने पर मजबूर हो जाता है।

पेट्रोल पंपों पर भी नहीं डरते चोर

गिरोह अब पेट्रोल पंपों पर खड़ी गाड़ियों को भी निशाना बना रहा है। आमतौर पर सुरक्षित माने जाने वाले इन स्थानों पर चोरी की घटनाओं ने ट्रांसपोर्टरों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।

वहीं इस मामले में ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि विभिन्न थानों में शिकायत देने के बावजूद चोरी की घटनाओं में कोई कमी नहीं आई है। सोमवार रात सिमगा हाईवे पर एक ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद गैंग ने पुलिस की मौजूदगी में डीजल चोरी करने की कोशिश की। घटना के वीडियो और तस्वीरें ट्रांसपोर्टरों ने पुलिस को सौंपी हैं। बता दें कि डीजल चोरी और टैंकों को तोड़ने के कारण ट्रांसपोर्टरों को हर महीने लाखों का नुकसान हो रहा है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।