रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति से एक बहुत बड़ी और अनोखी खबर आ रही है। बेमेतरा विधानसभा के बीजेपी विधायक दीपेश साहू कल यानी 31 मई को एक मिसाल कायम करने जा रहे हैं। कोई वीआईपी तामझाम नहीं, कोई बड़ी गाड़ियां नहीं। विधायक जी एक आम नागरिक की तरह सामूहिक विवाह समारोह में 21 जोड़ों के साथ एक ही मंच पर सात फेरे लेंगे।
बैलगाड़ी से निकलेगी विधायक की बारात
इस शादी की सबसे ज्यादा चर्चा बेमेतरा के चौक-चौराहों पर हो रही है। विधायक दीपेश साहू अपनी बारात किसी महंगी गाड़ी से नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की पुरानी परंपरा के मुताबिक बैलगाड़ी से लेकर निकलेंगे। ग्रामीण संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए यह फैसला लिया गया है। यह नजारा देखने लायक होगा। बेमेतरा के लोग इस अनोखी बारात का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
सरकारी योजना के तहत हुआ है रजिस्ट्रेशन
यह पूरा कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग की देखरेख में हो रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत बकायदा विधायक दीपेश साहू और उनकी होने वाली दुल्हन तरुणा साहू का रजिस्ट्रेशन कराया गया है। सरकारी नियमों के मुताबिक ही सारी रस्में निभाई जाएंगी। बेमेतरा के स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं और मंच सजकर तैयार है।
आशीर्वाद देने पहुंचेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री खुद बेमेतरा आ रहे हैं। महिला बाल विकास अधिकारी चंद्रबेश सिंह सिसोदिया ने बताया समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके साथ ही शासन के कई बड़े मंत्री, विधायक और बड़े जनप्रतिनिधियों के पहुंचने की भी उम्मीद है।
प्रशासन ने सुरक्षा और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए कड़े इंतजाम किए हैं। इस सादगी भरे फैसले की तारीफ पूरे छत्तीसगढ़ में हो रही है।


