बुधवार, 4 नवंबर 2026 बुध, 4 नवं |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

Bhilai Nikay Chunav: भिलाई में निकाय चुनाव को लेकर BJP की तैयारी शुरु, मैराथन बैठक में टिकट पर भी आया बड़ा अपडेट

Bhilai Nikay Chunav: भिलाई में निकाय चुनाव को लेकर BJP की तैयारी शुरु, मैराथन बैठक में टिकट पर भी आया बड़ा अपडेट
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य
TRP अलर्ट्स

ताज़ा समाचार तुरंत पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

दुर्ग-भिलाई। दिसंबर में प्रस्तावित भिलाई नगर निगम, भिलाई-चरोदा और रिसाली नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को भिलाई भाजपा कार्यालय में चारों नगरीय निकाय क्षेत्रों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मैराथन बैठक हुई। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में चुनाव प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, नीलू शर्मा, दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल और भिलाई जिला प्रभारी रामजी भारती समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विधानसभा और लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन को बनाया आधार

चुनाव प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी ने कार्यकर्ताओं से विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिले जनसमर्थन को नगरीय निकाय चुनाव में भी बरकरार रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय होकर मतदाताओं से संपर्क करना होगा और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचानी होगी।

सवन्नी ने कहा कि 2023 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव में दुर्ग संभाग में भाजपा को अच्छा समर्थन मिला था। अब पार्टी का लक्ष्य इसी जनसमर्थन को नगरीय निकाय चुनाव में भी कायम रखना है।

भिलाई निगम में विकास के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरने की तैयारी

बैठक में भिलाई नगर निगम के पिछले कार्यकाल को लेकर कांग्रेस पर भी निशाना साधा गया। भूपेंद्र सवन्नी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को भिलाई निगम में चार बार मौका मिला, लेकिन शहर में अपेक्षित विकास नहीं हो सका।

भाजपा अब विकास के मुद्दे को नगरीय निकाय चुनाव के प्रचार अभियान का प्रमुख आधार बनाने की तैयारी में है। पार्टी नेताओं ने केंद्र और राज्य में भाजपा सरकार का हवाला देते हुए नगरीय निकायों में भी भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया।

आरक्षण के बाद तय होगा टिकट का फॉर्मूला

दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने कहा कि निकाय चुनाव के लिए आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद टिकट वितरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होने के बाद संभावित दावेदारों को लेकर पार्टी स्तर पर निर्णय लिया जाएगा। विजय बघेल ने भाजपा में गुटबाजी की चर्चाओं को भी खारिज करते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं।

TRP Desk S
लेखक / पत्रकार:

TRP Desk S

विशेष संवाददाता

The Rural Press के लिए निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकार से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्टिंग।

The Rural Press सम्पादकीय दल सभी खबरें देखें →
विज्ञापन