CGPSC Aspirants Protest Wearing Black Armbands: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की मुख्य परीक्षा-2025 की मूल्यांकन और चयन प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश अब न्यायधानी बिलासपुर की सड़कों पर दिखाई दिया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने सिर पर काली पट्टी बांधकर और हाथों में काली झंडियां लेकर गांधी चौक से नेहरू चौक तक रैली निकाली।
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर नारेबाजी की। उन्होंने सरकार और संबंधित मंत्रियों की कथित निष्क्रियता पर भी सवाल उठाए।
नुक्कड़ नाटक कर जताया विरोध, सरकार को सद्बुद्धि देने किया हवन
प्रदर्शनकारियों ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटक किया। इसके बाद प्रतीकात्मक हवन कर सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी से पूरा इलाका गूंज उठा।
पारदर्शिता की मांग, बोले- सालों की मेहनत का सवाल
अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवा अपने कई साल लगा देते हैं। ऐसे में परिणाम और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। यदि उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन पर सवाल उठते हैं तो आयोग को स्पष्ट जवाब देना चाहिए, न कि केवल आश्वासन देकर जिम्मेदारी से बचना चाहिए।
मुख्य मांगें क्या हैं?
- निष्पक्ष जांच: मुख्य परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच।
- पुनर्मूल्यांकन: उत्तरपुस्तिकाओं का निष्पक्ष पुनर्मूल्यांकन, क्योंकि मौजूदा व्यवस्था में इसका स्पष्ट प्रावधान नहीं है।
- डिजिटल कॉपी: इंटरव्यू के लिए चयनित 608 अभ्यर्थियों को छोड़कर बाकी सभी को स्कैन की गई उत्तरपुस्तिकाएं व्यक्तिगत लॉगिन ID पर उपलब्ध कराई जाएं।
- भर्ती रद्द हो: यदि जांच में गंभीर अनियमितताएं मिलती हैं तो परीक्षा या भर्ती प्रक्रिया रद्द की जाए।
राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के अंत में अभ्यर्थियों ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की। नेहरू चौक पर राज्यपाल के नाम ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया।
FAQ: अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Q1. बिलासपुर में CGPSC अभ्यर्थी क्यों प्रदर्शन कर रहे हैं?
CGPSC मुख्य परीक्षा 2025 की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में कथित अनियमितता और पारदर्शिता की कमी को लेकर।
Q2. प्रदर्शन कहां से कहां तक हुआ?
गांधी चौक से नेहरू चौक तक रैली निकाली गई।
Q3. अभ्यर्थियों की मुख्य मांग क्या है?
निष्पक्ष जांच, पुनर्मूल्यांकन, सभी अभ्यर्थियों को स्कैन उत्तरपुस्तिका की डिजिटल कॉपी देना और दोष मिलने पर भर्ती रद्द करना।
Q4. प्रदर्शन का अनोखा तरीका क्या था?
काली पट्टी, काली झंडियां, नुक्कड़ नाटक और सरकार को सद्बुद्धि देने के लिए हवन।



