Bilaspur Garba Controversy viral video: बिलासपुर में गरबा पास के प्रचार के लिए बनाए गए कुछ सोशल मीडिया वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नवरात्रि से पहले बनाए गए इन वीडियो में गरबा ड्रेस पहने युवतियों को सिगरेट पीते, बंदूक दिखाते और बाइक सवार युवकों के साथ गरबा पास का प्रचार करते दिखाया गया है।
स्थानीय नागरिकों और हिंदू संगठनों ने इस कंटेंट पर आपत्ति जताई है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बिलासपुर एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत की और संबंधित वीडियो व तस्वीरें पुलिस को सौंपीं।
गरबा वीडियो में सिगरेट और बंदूक दिखाने पर आपत्ति
शिकायत के मुताबिक, खुद को मेकअप आर्टिस्ट बताने वाली शिफा मैथ्यू ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर गरबा और धार्मिक संस्कृति से जुड़े कई वीडियो पोस्ट किए हैं। आरोप है कि इनमें गरबा परिधानों में युवतियों को सिगरेट पीते और बंदूक दिखाते हुए दिखाया गया है। कुछ वीडियो में बाइक पर सवार युवकों के साथ गरबा पास के प्रचार का कंटेंट भी बनाया गया। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि नवरात्रि और गरबा जैसे धार्मिक आयोजन से जुड़े प्रचार में इस तरह का कंटेंट दिखाकर सनातन संस्कृति का अपमान किया गया है। उनका कहना है कि इससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
गज किला में शूटिंग का भी आरोप
बजरंग दल प्रांत के पदाधिकारी अंकुश ठाकुर ने आरोप लगाया कि वीडियो की शूटिंग रतनपुर के संरक्षित गज किला में की गई। उन्होंने कहा कि गरबा ड्रेस में सिगरेट और बंदूक दिखाने वाले कंटेंट के साथ वहां शूटिंग किए जाने पर भी आपत्ति है। अंकुश ठाकुर के मुताबिक, नवरात्रि के दौरान शहर में गरबा आयोजन शुरू होने हैं। इसी बीच गरबा पास बेचने के लिए बनाए गए इन वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रचारित किया गया।
SP कार्यालय पहुंचकर सौंपे वीडियो और स्क्रीनशॉट
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को सोशल मीडिया से जुटाए गए वीडियो, स्क्रीनशॉट और तस्वीरें सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने संबंधित युवती और वीडियो में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी की मांग की है। अंकुश ठाकुर ने दावा किया कि शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक ने संबंधित लोगों के खिलाफ जांच कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।



