रायपुर। लखनऊ में कोचिंग सेंटर में अग्निकांड के बाद देश भर में फायर सेफ्टी को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी कड़ी में राजधानी रायपुर में संचालित संस्थानों की जांच की जा रही है। यहां नियमों के उल्लंघन पर रायपुर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समता कॉलोनी स्थित ऑनलाइन डिलीवरी सेवा Blinkit के भवन को सील कर दिया। औचक निरीक्षण में पार्किंग व्यवस्था, अग्निशमन सुरक्षा और बिना पूर्णता प्रमाणपत्र के संचालन जैसी गंभीर खामियां मिलीं।

कलेक्टर के आदेश पर हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई कलेक्टर के आदेश और नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर की गई। जोन-7 कमिश्नर डॉ. तृप्ति पाणीग्रही के मार्गदर्शन में कार्यपालन अभियंता सुशील मोडेस्टस, उप अभियंता प्रेरणा अग्रवाल, चंद्रकांत बर्गे सहित नगर निवेश एवं राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

निरीक्षण में मिलीं 3 बड़ी खामियां

1. *पार्किंग व्यवस्था:* भवन में पार्किंग नियमों के अनुरूप नहीं थी।

2. फायर सेफ्टी: अग्निशामक सुरक्षा व्यवस्था मानकों के अनुसार नहीं पाई गई।

See also  नक्सलियों ने 3 ग्रामीणों का किया अपहरण , फिर एक की कर दी जन अदालत में हत्या

3. पूर्णता प्रमाणपत्र नहीं: भवन का संचालन बिना पूर्णता प्रमाणपत्र के किया जा रहा था।

मौके पर ही सील किया भवन

नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम जोन-7 की टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए समता कॉलोनी स्थित Blinkit भवन को सील कर दिया।