नई दिल्ली। अगर आप भी गैस सिलेंडर की डिलीवरी में हो रही देरी से परेशान हैं और जल्दी गैस पाने का कोई मैसेज देख रहे हैं, तो रुक जाइए , दरअसल, मिडिल ईस्ट में जारी ईरान-इजरायल युद्ध की वजह से गैस की सप्लाई क्या कम हुई, साइबर अपराधियों की चांदी हो गई है। किल्लत का फायदा उठाकर ये ठग अब सीधे आपकी जेब पर डाका डाल रहे हैं।

कल गैस चाहिए तो अभी पैसे दो – ऐसे फंस रहे हैं लोग

जानकारी के मुताबिक, साइबर ठग WhatsApp और SMS के जरिए Pay Now, Get Gas Tomorrow (अभी पेमेंट करें, कल गैस पाएं) जैसे लुभावने मैसेज भेज रहे हैं। ये अपराधी आपको जल्दी डिलीवरी का झांसा देते हैं। मैसेज में एक लिंक होता है, जिस पर क्लिक करते ही आप फर्जी पेमेंट पेज पर पहुंच जाते हैं। जैसे ही आप एडवांस पेमेंट की प्रोसेस पूरी करते हैं, आपका पैसा सीधे ठगों के खाते में चला जाता है।

कंपनियों का लोगो और फर्जी विज्ञापन

गौरतलब है कि ठगों ने Indane, Bharat Gas और HP Gas जैसी बड़ी कंपनियों के असली दिखने वाले लोगो (Logo) का इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर विज्ञापन भी चला रखे हैं। लोग इन विज्ञापनों को असली मानकर अपनी बैंक डिटेल्स शेयर कर देते हैं और पल भर में उनका अकाउंट खाली हो जाता है।

गैस कंपनियों ने जारी किया अलर्ट: कभी न करें ये गलती

असली गैस कंपनियां (Indane, HP, Bharat Gas) कभी भी आपको पहले पेमेंट करने के लिए दबाव नहीं बनाती हैं। कंपनियों ने साफ किया है। बुकिंग के वक्त अनिवार्य एडवांस पेमेंट की कोई स्कीम नहीं है। गैस बुकिंग के लिए हमेशा आधिकारिक वेबसाइट या रजिस्टर्ड SMS नंबर का ही उपयोग करें। सिलेंडर बुक करने के लिए कभी भी UPI पिन, OTP या बैंक पासवर्ड की जरूरत नहीं होती।

अगर ठगी हो जाए तो क्या करें?

बता दें कि अगर आप या आपका कोई परिचित इस जाल में फंस जाता है, तो बिना समय गंवाए साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। जितनी जल्दी आप शिकायत दर्ज कराएंगे, ठगी गई रकम रिकवर होने की संभावना उतनी ही ज्यादा होगी। छत्तीसगढ़ पुलिस की साइबर सेल भी लोगों को सलाह दे रही है कि अनजान लिंक पर क्लिक करना ‘कुल्हाड़ी पर पैर मारने’ जैसा है।