बुधवार, 9 सितंबर 2026 बुध, 9 सित |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

Chhattisgarh CBG Policy: पराली और कचरे से मालामाल होंगे किसान, छत्तीसगढ़ सरकार लाई अनोखी योजना, मिला बड़ा फंड

Chhattisgarh CBG Policy: पराली और कचरे से मालामाल होंगे किसान, छत्तीसगढ़ सरकार लाई अनोखी योजना, मिला बड़ा फंड
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

Chhattisgarh CBG Policy: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने स्वच्छ ऊर्जा और जैव ईंधन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने पूंजीगत निवेश विशेष सहायता योजना (SASCI) 2026-27) के तहत कम्प्रेस्ड बायोगैस (CBG) इकोसिस्टम के विकास के लिए राज्य को 50 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की है। इस उपलब्धि के साथ छत्तीसगढ़ इस योजना के तहत प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।

CBG नीति से किसानों और पर्यावरण को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ किसानों की आय बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की नई कम्प्रेस्ड बायोगैस (CBG) नीति-2026 कृषि, ऊर्जा और पर्यावरण के क्षेत्र में बदलाव लाने वाली साबित होगी। उन्होंने बताया कि इस नीति के जरिए कृषि अवशेष, पराली और अन्य बायोमास का वैज्ञानिक उपयोग होगा। इससे किसानों को अतिरिक्त आय का नया स्रोत मिलेगा और जैविक अवशेषों के बेहतर प्रबंधन से प्रदूषण भी कम होगा।

जैव ईंधन के क्षेत्र में अग्रणी बनने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को जैव ईंधन और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाना है। CBG नीति के प्रभावी क्रियान्वयन से निवेश बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, किसानों की आय में वृद्धि होगी और जैविक खेती को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए ऊर्जा विभाग और छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल विकास प्राधिकरण की टीम को बधाई दी।

8 जून 2026 से लागू है CBG नीति

राज्य सरकार ने 8 जून 2026 को छत्तीसगढ़ कम्प्रेस्ड बायोगैस नीति-2026 अधिसूचित की थी। इसके तहत कृषि अपशिष्ट, पैडी स्ट्रॉ और अन्य बायोमास से स्वच्छ गैसीय ईंधन का उत्पादन किया जाएगा। साथ ही संयंत्रों से मिलने वाली जैविक खाद जैविक खेती को बढ़ावा देगी।

परियोजनाओं की समीक्षा, निवेश बढ़ाने पर जोर

3 अगस्त 2026 को मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में प्रमुख सचिव ऊर्जा सुबोध कुमार सिंह की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बायोमास संग्रहण, सिंगल विंडो क्लीयरेंस, जैव उर्वरक के उपयोग, निवेश प्रोत्साहन और विभागीय समन्वय जैसे विषयों पर चर्चा हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमित सरकार ने CBG संयंत्रों की स्थापना, निवेश संभावनाओं और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।