Chhattisgarh SAS Transfer News
Chhattisgarh SAS Transfer News

Chhattisgarh Teacher Transfer : शिक्षक तबादला सूची को लेकर लंबे समय से चल रहा इंतजार खत्म हो गया है। शिक्षा विभाग ने करीब 700 शिक्षकों के स्थानांतरण को मंजूरी दे दी है।

लंबे समय से तबादले की उम्मीद लगाए बैठे शिक्षकों के लिए यह बड़ी राहत मानी जा रही है। इससे पहले विभाग ने अनुशंसाओं और प्राप्त आवेदनों के आधार पर तबादला प्रस्ताव तैयार किए थे, जिनकी अंतिम स्तर पर जांच के बाद बड़ी संख्या में नाम हटाए गए।

700 शिक्षकों का तबादला

शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अंतिम परीक्षण के बाद करीब 700 शिक्षकों के नाम तबादले के लिए स्वीकृत किए गए हैं। इससे पहले करीब 1,000 शिक्षकों की संशोधित सूची तैयार कर अनुमोदन के लिए भेजी गई थी। जांच के दौरान करीब 400 नाम हटाए जाने की जानकारी सामने आई थी।

विभाग ने ऐसे मामलों में तबादले को प्राथमिकता नहीं दी, जिनसे विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती थी। इनमें युक्तियुक्तकरण से प्रभावित शिक्षक, एकल शिक्षकीय विद्यालयों में पदस्थ शिक्षक और ऐसे विद्यालय शामिल हैं, जहां शिक्षक के स्थानांतरण से स्कूल शिक्षकविहीन हो सकता था।

अब शिक्षक तबादले के लिए ऑनलाइन आवेदन की तैयारी

वर्तमान तबादला प्रक्रिया के साथ ही शिक्षा विभाग भविष्य की व्यवस्था में बदलाव की तैयारी में है। विभाग शिक्षक स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रणाली लागू करने पर गंभीरता से विचार कर रहा है।

नई व्यवस्था लागू होने पर शिक्षक निर्धारित पोर्टल के माध्यम से स्वयं तबादले के लिए आवेदन कर सकेंगे। इससे आवेदन प्रक्रिया डिजिटल होगी और अभिलेखों का ऑनलाइन प्रबंधन, आवेदन की मॉनिटरिंग तथा समयबद्ध निराकरण आसान हो सकेगा।

विभागीय स्तर पर विभिन्न राज्यों में लागू ऑनलाइन शिक्षक स्थानांतरण व्यवस्था का अध्ययन भी किया जा रहा है। हालांकि, ऑनलाइन आवेदन प्रणाली लागू करने को लेकर अभी कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। अंतिम फैसला शासन की मंजूरी के बाद ही लिया जाएगा।

इस बार प्रक्रिया में हुई थी छंटनी

तबादला प्रस्तावों की जांच के दौरान विभाग ने छात्र संख्या और विद्यालयों की जरूरत को भी ध्यान में रखा। अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में पदस्थ शिक्षकों के स्थानांतरण सहित ऐसे मामलों को मंजूरी नहीं दी गई, जिनसे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका थी।

अब करीब 700 शिक्षकों के तबादले के बाद शिक्षकों की नजर भविष्य की ऑनलाइन तबादला व्यवस्था पर है। अगर यह व्यवस्था लागू होती है तो आने वाले समय में शिक्षक घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।