CG Atmanand School Vacancy 2026: छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक संवर्ग के कुल 1812 पदों पर संविदा भर्ती की तैयारी की जा रही है। डीपीआई ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती में सबसे अधिक 590 पद सहायक शिक्षक के हैं, जबकि अलग-अलग विषयों में व्याख्याता के 515 पद रखे गए हैं।

ज्ञात हो कि भर्ती प्रक्रिया इस बार पहले की व्यवस्था से अलग होगी। उम्मीदवारों का चयन जिला स्तर पर नहीं, बल्कि राज्य स्तर पर केंद्रीकृत कंप्यूटर आधारित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। परीक्षा का माध्यम अंग्रेजी होगा। विभाग के अनुसार परीक्षा इसी साल अक्टूबर केअंतिम सप्ताह में संभावित है। ऑनलाइन आवेदन के लिए लिंक सितंबर के आखरी सप्ताह में विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर जारी किया जाएगा।
सहायक शिक्षक के 590 और व्याख्याता के 515 पद
1812 पदों में शिक्षकीय और गैर-शिक्षकीय दोनों तरह के पद शामिल हैं। सहायक शिक्षक के 590 पद भर्ती का सबसे बड़ा हिस्सा हैं। इसके बाद विभिन्न विषयों में व्याख्याता के कुल 515 पद हैं। इसके अलावा प्रयोगशाला सहायक के 170, व्याख्याता वाणिज्य के 104, अंग्रेजी शिक्षक के 106, ग्रंथपाल के 60, व्यायाम शिक्षक के 50 और कंप्यूटर शिक्षक के 40 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए पात्रता, विषयवार रिक्तियों, आयु सीमा, आरक्षण, वेतनमान और अन्य आवश्यक शर्तों की विस्तृत जानकारी विभाग द्वारा जारी भर्ती विज्ञापन और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के दौरान उपलब्ध कराई जाएगी।
अब राज्य स्तर पर बनेगी मेरिट
आत्मानंद स्कूलों में अब तक भर्ती की प्रक्रिया मुख्य रूप से जिला स्तर पर होती रही है। जिलों में कलेक्टर की अध्यक्षता वाली समितियां आवेदन मंगाकर चयन प्रक्रिया पूरी करती थीं। कई जगह गूगल फॉर्म या सीधे आवेदन के माध्यम से भी अभ्यर्थियों से आवेदन लिए जाते थे। इस बार विभाग ने भर्ती प्रक्रिया को केंद्रीकृत करने का फैसला किया है। लोक शिक्षण संचालनालय राज्य स्तर पर परीक्षा आयोजित कर उम्मीदवारों का चयन करेगा। इससे अलग-अलग जिलों में अलग-अलग प्रक्रिया अपनाने की स्थिति खत्म होगी और चयन प्रक्रिया में एकरूपता आने की उम्मीद है।
सीबीटी से चयन, अंग्रेजी में होगी परीक्षा
इन संविदा पदों पर चयन के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा का माध्यम अंग्रेजी रखा गया है। विभाग की योजना के मुताबिक अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में परीक्षा कराई जा सकती है। हालांकि परीक्षा की अंतिम तारीख विभाग द्वारा अलग से घोषित की जाएगी। अंग्रेजी माध्यम के आत्मानंद स्कूलों को ध्यान में रखते हुए संबंधित विषय में अंग्रेजी माध्यम से शैक्षणिक पृष्ठभूमि वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दिए जाने की बात कही गई है। ऐसे में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए भर्ती विज्ञापन में दी गई शैक्षणिक योग्यता और माध्यम संबंधी शर्तों को ध्यान से देखना जरूरी होगा।
इसी महीने खुलेगा ऑनलाइन आवेदन
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया इसी महीने शुरू होने की संभावना है। विभाग सितंबर में अपने आधिकारिक पोर्टल पर आवेदन लिंक जारी करेगा। लिंक जारी होने के बाद अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन से पहले आधिकारिक विज्ञापन में पदवार योग्यता, दस्तावेज, आवेदन शुल्क, आयु सीमा और अन्य नियमों को अच्छी तरह पढ़ लें।
सुप्रीम कोर्ट के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी भर्ती
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा की जा रही यह पूरी संविदा नियुक्ति सुप्रीम कोर्ट में दायर एसएलपी (सी) के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी। इसलिए भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को इस कानूनी स्थिति का भी ध्यान रखना होगा।



