रायपुर। CG Housing Board Colonies: छत्तीसगढ़ सरकार ने हाउसिंग बोर्ड और रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) द्वारा निर्मित 35 आवासीय कॉलोनियों के निवासियों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इन पूर्ण हो चुकी कॉलोनियों को संबंधित नगर निगमों और नगर पालिकाओं को हस्तांतरित करने का ऐतिहासिक फैसला लिया गया है।

अभी तक इन कॉलोनियों के हस्तांतरण न होने से लोग दोहरी मार झेल रहे थे एक तरफ नगर निगम को संपत्ति कर और दूसरी तरफ हाउसिंग बोर्ड को रखरखाव शुल्क देना पड़ता था। अब यह दोहरा खर्च बंद होगा और लोगों के पैसे बचेंगे। साथ ही, सड़कों और सफाई की जिम्मेदारी सीधे स्थानीय प्रशासन की होगी।

हस्तांतरण न होने की वजह से इन कॉलोनियों में सड़क, पानी, सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं का बुरा हाल था। नगर निगम अपनी सीमा में न होने का हवाला देकर काम नहीं करता था और हाउसिंग बोर्ड फंड की कमी बताता था। अब कैबिनेट के इस निर्णय के बाद ये सभी क्षेत्र सीधे नगरीय निकायों के बजट और प्रबंधन के दायरे में आ जाएंगे।

नगर निगमों को इन कॉलोनियों के खुले भू-खंड (Open Spaces), सार्वजनिक उद्यान (Parks) और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं सौंपी जाएंगी। हालांकि, यह स्पष्ट किया गया है कि आवासीय, व्यावसायिक और अर्द्धसार्वजनिक बिक्री योग्य संपत्तियां अभी भी मूल संस्थाओं के पास रहेंगी।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।