News collage representing five major news stories of Chhattisgarh
बीजापुर में नक्सल पीड़ितों का प्रदर्शन, हसदेव में EC को चुनौती और रायपुर में बैरिकेडिंग समेत छत्तीसगढ़ की 5 बड़ी खबरें।

CG Top 5 News: छत्तीसगढ़ में बुधवार को कई अहम खबरें सामने आईं। बीजापुर में नक्सल पीड़ित परिवारों ने स्थायी पट्टे की मांग को लेकर नगर पालिका कार्यालय का घेराव किया। हसदेव अरण्य में केते एक्सटेंशन कोल ब्लॉक की पर्यावरण मंजूरी को NGT में चुनौती दी गई है।

रायपुर में हलछठ से पहले VIP मूवमेंट के कारण कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई। वहीं तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर पैसे मांगने का मामला सामने आया है। इसके अलावा PWD में 56 अधिकारियों का तबादला किया गया है।

1. नक्सल पीड़ितों का हल्ला बोल, 20 साल से शहर में फिर भी नहीं मिला पट्टा

बीजापुर नगर पालिका परिषद के अलग-अलग वार्डों में रह रहे नक्सल पीड़ित परिवारों ने स्थायी राजस्व पट्टे की मांग को लेकर नगर पालिका कार्यालय का घेराव किया। बड़ी संख्या में पहुंचे परिवारों ने मुख्यमंत्री के नाम SDM को ज्ञापन सौंपा। परिवारों का कहना है कि वे करीब दो दशक से बीजापुर शहर में रह रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें घर-बाड़ी का स्थायी पट्टा नहीं मिला है। उनका आरोप है कि उन्हें बार-बार घर खाली करने और मकान तोड़ने के नोटिस दिए जा रहे हैं। इससे वे मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना कर रहे हैं।

See also  चलती ट्रेन से अलग हो गया इंजन, बड़ा रेल हादसा होने से टला

2. हसदेव में फिर तेज हुई जंगल बनाम खनन की लड़ाई

छत्तीसगढ़ के हसदेव अरण्य में प्रस्तावित केते एक्सटेंशन कोल ब्लॉक को मिली पर्यावरण मंजूरी को नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) में चुनौती दी गई है। मामले की सुनवाई NGT की भोपाल स्थित सेंट्रल जोन बेंच में हुई। जस्टिस शिवकुमार सिंह और विशेषज्ञ सदस्य सुधीर चतुर्वेदी की बेंच ने केंद्र और राज्य सरकार के साथ RVUNL तथा राजस्थान कोलियरीज लिमिटेड को नोटिस जारी किया है।

3. हलछठ से पहले सड़कों पर बैरिकेडिंग, VIP मूवमेंट से बढ़ी परेशानी

छत्तीसगढ़ में 2 सितंबर को हलछठ का पर्व मनाया जाएगा। त्योहार को लेकर बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ी हुई है। इसी बीच उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के रायपुर प्रवास को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। माना एयरपोर्ट से टाटीबंध स्थित एम्स रायपुर तक कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। इससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

See also  जानें आज 15 अक्टूबर को कैसा रहेगा राशिफल

4. विधायक धर्मजीत सिंह के नाम से फर्जी Facebook ID, लोगों से मांगे पैसे

तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह के नाम और फोटो का कथित तौर पर इस्तेमाल कर फर्जी फेसबुक आईडी बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इस अकाउंट के जरिए लोगों से संपर्क किया गया और उनसे पैसों की मांग की गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद विधायक ने बिलासपुर एसएसपी से शिकायत की है। उन्होंने फर्जी आईडी बनाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

5. PWD में बड़ा तबादला, 56 अधिकारियों की नई पदस्थापना

छत्तीसगढ़ के लोक निर्माण विभाग (PWD) में मंगलवार देर शाम बड़े पैमाने पर तबादले किए गए। विभाग ने कार्यपालन अभियंता और सहायक अभियंता समेत कुल 56 अधिकारियों की नई पदस्थापना की है। तबादले के बाद अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां और नई जगहों पर पदस्थापना दी गई है।