CG Top 5 News: छत्तीसगढ़ में आज की 5 बड़ी खबरों में महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप घोटाले में शेफाली बग्गा की ओर से ED को 1.5 करोड़ रुपये लौटाने का मामला, IPS संतोष सिंह को CISF में नई जिम्मेदारी, सुकमा में IED ब्लास्ट में चार जवानों के घायल होने की घटना,
पूर्व IAS बीएल अग्रवाल से जुड़े पुराने मामले की दोबारा जांच और भिलाई की फैक्ट्री में आग लगने की खबर शामिल है।
1. महादेव ऐप केस: शेफाली बग्गा ने ED को लौटाए 1.5 करोड़ रुपये
महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप घोटाले में बिग बॉस फेम और स्पोर्ट्स एंकर शेफाली बग्गा ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने 1.5 करोड़ रुपये सरेंडर किए हैं। यह रकम उन्हें महादेव ऐप के प्रमोशनल वीडियो बनाने के एवज में मिली थी। ED की चार्जशीट के मुताबिक, दिल्ली स्थित शेफाली के घर की तलाशी के दौरान 30 लाख रुपये नकद जब्त किए गए थे। पूछताछ में सामने आया कि महादेव सिंडिकेट के प्रचार वीडियो बनाने के लिए उन्हें कुल 1.5 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था। इसके बाद शेफाली ने 1.20 करोड़ रुपये ED के पास जमा कराए। उन्होंने दावा किया कि बाकी रकम जांच के दौरान पहले ही जब्त की जा चुकी थी।
2. IPS संतोष सिंह को CISF में DIG की जिम्मेदारी, दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा संभालेंगे
छत्तीसगढ़ कैडर के 2011 बैच के IPS अधिकारी संतोष सिंह को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर नई जिम्मेदारी मिली है। उन्हें केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में उप महानिरीक्षक (DIG) के पद पर नियुक्त किया गया है। अब वे दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े दायित्व संभालेंगे। दिल्ली मेट्रो में रोजाना बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। ऐसे में मेट्रो स्टेशन, यात्री और महत्वपूर्ण परिसरों की सुरक्षा में CISF की अहम भूमिका है।
3. सुकमा में IED ब्लास्ट, CRPF के चार जवान घायल; एक की हालत गंभीर
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के भेज्जी थाना क्षेत्र में IED ब्लास्ट की चपेट में आने से CRPF की 50वीं बटालियन के चार जवान घायल हो गए। इनमें से एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है। सुकमा पुलिस अधीक्षक ने घटना की पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक, एलाड़मड़गु कैंप में एमिशन तकनीशियन टीम नियमित विनष्टीकरण की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान IED की चपेट में आने से चार जवान घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल कोंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
4. पूर्व IAS बीएल अग्रवाल के 16 साल पुराने मामले की जांच फिर शुरू
छत्तीसगढ़ के पूर्व IAS अधिकारी बीएल अग्रवाल से जुड़े करीब 16 साल पुराने मामले की जांच दोबारा शुरू हो गई है। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की नई टीम खरोरा क्षेत्र के उन 472 ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है, जिनके नाम पर बैंक खाते खोले गए थे। जांच एजेंसियां इन खातों के जरिए हुए करोड़ों रुपये के लेन-देन और शेयर खरीदने की प्रक्रिया की पड़ताल कर रही हैं। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि ग्रामीणों के नाम पर खातों में रकम आने के बाद उससे कंपनी के शेयर कैसे खरीदे गए। जानकारी के मुताबिक, कई ग्रामीणों को कथित तौर पर इसकी जानकारी नहीं थी। एजेंसियां अब ग्रामीणों के बयान और बैंक रिकॉर्ड के आधार पर लेन-देन की कड़ियां जोड़ रही हैं।
5. भिलाई की फैक्ट्री में आग, ड्रमों में धमाके से मची अफरा-तफरी
भिलाई के औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक फैक्ट्री परिसर से काला धुआं उठने के बाद अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में आग ने शेड के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले फैक्ट्री के अंदर से धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद लपटें उठने लगीं। इसी दौरान परिसर में रखे ड्रमों में धमाके होने लगे। आसपास काम कर रहे मजदूर तुरंत बाहर निकल गए। मौके पर पहुंचे फायरकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे रहे। फिलहाल आग लगने के कारण और नुकसान की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।



