शनिवार, 10 अक्तूबर 2026 शनि, 10 अक्तू॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
छत्तीसगढ़

CG Top 5 News: लोरमी अस्पताल में बड़ी लापरवाही, हाईकोर्ट में बड़ी सुनवाई! जानिए छत्तीसगढ़ की आज की 5 प्रमुख खबरें

CG Top 5 News: छत्तीसगढ़ में आज स्वास्थ्य विभाग की गंभीर लापरवाही, उच्च न्यायालय की महत्वपूर्ण सुनवाई, नक्सल विरोधी न्यायिक कार्रवाई और ऑनलाइन सट्टेबाजी पर पुलिस के कड़े प्रहार से जुड़ी कई बड़ी खबरें सामने आई हैं. मुंगेली के अस्पताल में प्रसूता के शरीर में कॉटन छूटने से लेकर बिलासपुर हाईकोर्ट द्वारा धर्म स्वतंत्रता कानून […]

CG Top 5 News
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

CG Top 5 News: छत्तीसगढ़ में आज स्वास्थ्य विभाग की गंभीर लापरवाही, उच्च न्यायालय की महत्वपूर्ण सुनवाई, नक्सल विरोधी न्यायिक कार्रवाई और ऑनलाइन सट्टेबाजी पर पुलिस के कड़े प्रहार से जुड़ी कई बड़ी खबरें सामने आई हैं.

मुंगेली के अस्पताल में प्रसूता के शरीर में कॉटन छूटने से लेकर बिलासपुर हाईकोर्ट द्वारा धर्म स्वतंत्रता कानून पर राज्य सरकार को नोटिस जारी किए जाने तक, जानिए प्रदेश की आज की 5 सबसे प्रमुख खबरें.

1. लोरमी अस्पताल की बड़ी लापरवाही, प्रसूता के शरीर में 16 दिन फंसा रहा कॉटन का टुकड़ा

मुंगेली जिले के लोरमी ब्लॉक स्थित 50 बिस्तर अस्पताल में डॉक्टरों और स्टाफ की गंभीर लापरवाही सामने आई है. डेरहाकापा निवासी सत्यवती कुर्रे की 21 सितंबर को अस्पताल में नॉर्मल डिलीवरी हुई थी. डिलीवरी के दौरान अधिक ब्लीडिंग रोकने के लिए स्टाफ ने कॉटन लगाया था, लेकिन उसे बाहर निकालना भूल गए. महिला के शरीर में यह कॉटन 16 दिन तक फंसा रहा. 7 अक्टूबर को तबीयत बिगड़ने पर हुई जांच में कॉटन का टुकड़ा मिलने का खुलासा हुआ.

2. छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 2026: बिलासपुर हाईकोर्ट ने सरकार से 3 हफ्ते में मांगा जवाब

बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने ‘छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम, 2026’ के प्रावधानों की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई की. चीफ जस्टिस कृष्ण राम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिविजन बेंच ने वीएन प्रसाद राव की याचिका पर राज्य सरकार को जवाब दाखिल करने के लिए तीन सप्ताह का समय दिया है. कोर्ट ने कहा कि अंतरिम राहत के आवेदन पर अगली सुनवाई में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद विचार होगा.

3. भानुप्रतापपुर NIA कोर्ट का बड़ा फैसला, जवानों को उड़ाने की साजिश रचने वाले 2 नक्सलियों को 10-10 साल की सजा

कांकेर जिले में भानुप्रतापपुर स्थित एनआईए (NIA) की विशेष कोर्ट ने सुरक्षा बलों के जवानों को आईईडी विस्फोट से निशाना बनाने की साजिश रचने वाले दो नक्सलियों को 10-10 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है. विशेष न्यायाधीश दीपक के गुप्ता की अदालत ने बेड़ापारा आलपरस (थाना कोयलीबेड़ा) निवासी आरोपी सानू कोमरा (23) और अर्जुन साहू (22) को दोषी ठहराया. दोनों पर 2-2 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है.

4. रायपुर में ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 9 महीने से था फरार

रायपुर पुलिस ने ऑनलाइन बेटिंग साइट के जरिए सट्टा पैनल संचालित करने वाले फरार मुख्य आरोपी नितिन मोटवानी (45) को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पिछले 9 महीने से पुलिस को चकमा दे रहा था. पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं. इस सट्टा नेटवर्क में पूर्व में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर 37.50 लाख रुपये नकद, 10 मोबाइल और 3 कारों समेत कुल 92.50 लाख रुपये का माल जब्त किया जा चुका है.

5. रायपुर में 12 अक्टूबर से शुरू होगी भारत-जिम्नाव्बे महिला T20 मैचों की टिकट बिक्री

नया रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 16, 18 और 20 अक्टूबर को भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच तीन टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे. इस सीरीज के लिए दर्शक केवल 250 रुपये में स्टेडियम जाकर मैच देख सकेंगे, जबकि तीनों मैचों के लिए 499 रुपये का सीरीज टिकट तय किया गया है. टिकटों की ऑनलाइन डिजिटल बिक्री 12 अक्टूबर शाम 4 बजे से शुरू होगी.

Deeksha Mishra
लेखक / पत्रकार:

Deeksha Mishra

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन