गुरुवार, 22 अक्तूबर 2026 गुरु, 22 अक्तू॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
छत्तीसगढ़

CG Top 5 News: सफारी 12 दिन पहले शुरू, जशपुर से भाजपा नेता का वीडियो वायरल; अधिकारी पर ठगी का आरोप

CG Top 5 News: छत्तीसगढ़ में आज पांच खबरें चर्चा में हैं। रायपुर जिला अस्पताल में प्रभारी सिविल सर्जन की जिम्मेदारी बदली गई है। जशपुर में भाजपा के एक स्थानीय नेता का कथित अश्लील डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, कृषि विस्तार अधिकारी पर तीन जिलों के कारोबारियों से […]

CG Top 5 News
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

CG Top 5 News: छत्तीसगढ़ में आज पांच खबरें चर्चा में हैं। रायपुर जिला अस्पताल में प्रभारी सिविल सर्जन की जिम्मेदारी बदली गई है। जशपुर में भाजपा के एक स्थानीय नेता का कथित अश्लील डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, कृषि विस्तार अधिकारी पर तीन जिलों के कारोबारियों से लाखों रुपये की सामग्री लेने और ठगी करने का आरोप लगा है।

इसके अलावा, राज्य सरकार ने शहरी विकास के लिए HUDCO और CEPT विश्वविद्यालय के साथ समझौते किए हैं। बस्तर के कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में सफारी सत्र भी निर्धारित समय से 12 दिन पहले शुरू कर दिया गया है।

1. रायपुर जिला अस्पताल के प्रभारी सिविल सर्जन बदले

रायपुर जिला चिकित्सालय में प्रशासनिक जिम्मेदारी में बदलाव किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. संजय कुमार को प्रभारी सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक नियुक्त किया है। इस संबंध में विभाग ने दो चिकित्सा अधिकारियों की पदस्थापना में फेरबदल करते हुए आदेश जारी किया है।

2. जशपुर में भाजपा नेता का कथित डांस वीडियो वायरल

जशपुर जिले में भाजपा के एक स्थानीय नेता का कथित अश्लील डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब एक साल पहले हुए रात्रिकालीन आर्केस्ट्रा कार्यक्रम का है। वीडियो में नेता पैसे उड़ाते हुए डांस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा शुरू हो गई है। संबंधित भाजपा नेता अब सफाई देते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को लेकर पार्टी के नेताओं के बीच भी चर्चा होने की बात सामने आई है।

3. शहरी विकास के लिए HUDCO और CEPT विश्वविद्यालय से समझौता

नवा रायपुर के मेफेयर लेक रिजॉर्ट में आयोजित पहली क्षेत्रीय कार्यशाला के दौरान राज्य सरकार ने शहरी विकास से जुड़े दो महत्वपूर्ण समझौते किए। HUDCO और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के बीच MoU पर हस्ताक्षर किए गए। इसके साथ ही नगरीय निकायों की वित्तीय और तकनीकी क्षमता मजबूत करने के लिए CEPT विश्वविद्यालय के साथ भी करार हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप छत्तीसगढ़ के शहरों को भविष्य की जरूरतों के हिसाब से आधुनिक, समावेशी और आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।

4. कृषि विस्तार अधिकारी पर लाखों की ठगी का आरोप, FIR दर्ज

खाद और कीटनाशक दुकानों की जांच करने वाले कृषि विस्तार अधिकारी राकेश कुमार रत्नेश पर ही लाखों रुपये की ठगी का आरोप लगा है। इस मामले में कसडोल थाने में FIR दर्ज की गई है। अधिकारी के फरार होने की बात भी सामने आई है। शिकायत के मुताबिक, बलौदाबाजार, रायपुर और महासमुंद जिलों के कई कृषि कारोबारियों से कथित तौर पर सामग्री ली गई। मामले में तीन जिलों के व्यापारियों को निशाना बनाए जाने का आरोप है।

5. कांगेर घाटी में 12 दिन पहले शुरू हुई सफारी

बस्तर संभाग के कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में इस साल पर्यटकों के लिए सफारी सत्र निर्धारित समय से 12 दिन पहले शुरू कर दिया गया है। वन मंत्री केदार कश्यप के विशेष निर्देशों के बाद पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया। मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) उत्तम गुप्ता ने मंगलवार को सत्र का पहला टिकट जारी किया। इसके साथ ही जिप्सी सफारी का औपचारिक शुभारंभ हुआ। अब पर्यटक राष्ट्रीय उद्यान की प्राकृतिक सुंदरता और सफारी का आनंद ले सकेंगे।

Deeksha Mishra
लेखक / पत्रकार:

Deeksha Mishra

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन