गुरुवार, 17 सितंबर 2026 गुरु, 17 सित॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
छत्तीसगढ़

CG Top 5 News: CGPSC का इंटरव्यू स्थगित, PDS चावल पर QR कोड और थाने में बवाल पर सियासत गर्म, छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें

छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक निर्णयों, जनसुविधाओं और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ी आज की पांच बड़ी खबरें चर्चा में बनी हुई हैं। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 के साक्षात्कार और दस्तावेज सत्यापन को स्थगित कर दिया है। इधर, PDS चावल में कालाबाजारी रोकने के लिए केंद्र सरकार ने बोरियों पर QR Code Tagging […]

Representative image of the Chhattisgarh Government Secretariat and the Naya Raipur Administrative Complex.
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक निर्णयों, जनसुविधाओं और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ी आज की पांच बड़ी खबरें चर्चा में बनी हुई हैं। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 के साक्षात्कार और दस्तावेज सत्यापन को स्थगित कर दिया है।

इधर, PDS चावल में कालाबाजारी रोकने के लिए केंद्र सरकार ने बोरियों पर QR Code Tagging की नई व्यवस्था शुरू की है। इसके अलावा, रायपुर के गुढ़ियारी थाने में हुई तोड़फोड़ के विरोध में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया, कोरबा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने सरकार को घेरा और अंबिकापुर में कांग्रेस का संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न हुआ।

CGPSC राज्य सेवा परीक्षा 2025 के इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन स्थगित

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 के तहत 20 विभागों के 265 पदों के लिए आयोजित होने वाले दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू को स्थगित कर दिया है। यह प्रक्रिया 20 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक होनी थी। आयोग द्वारा 16 सितंबर को जारी सूचना के अनुसार अपरिहार्य कारणों से इस कार्यक्रम को रोका गया है और नई तिथियां जल्द ही आयोग की वेबसाइट psc.cg.gov.in पर जारी की जाएंगी। आयोग का यह आदेश ऐसे समय आया है जब मुख्य परीक्षा (Mains) में दिए गए अंकों को लेकर अभ्यर्थी मूल्यांकन में विसंगतियों का आरोप लगा रहे हैं और विपक्ष अनियमितताओं की जांच की मांग कर रहा है। हालांकि आयोग ने नोटिस में स्थगन का कारण यह विवाद है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं किया है।

गुढ़ियारी थाने में बवाल के विरोध में कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन

राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाने में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) नेताओं पर तोड़फोड़, गाली-गलौज और थाना प्रभारी (TI) नरेंद्र साहू से धक्का-मुक्की व मारपीट के आरोपों के बाद मामला गरमा गया है। घटना के 24 घंटे बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के विरोध में शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। पार्टी ने इस घटना को राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था से जोड़ते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

PDS चावल की कालाबाजारी रोकने बोरियों पर लगेगा QR कोड

सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में पारदर्शिता लाने और चावल की चोरी रोकने के लिए केंद्र सरकार ने खाद्य सुरक्षा के तहत चावल की बोरियों पर QR Code Tagging लागू की है। इससे मिलर से लेकर राशन दुकान के लाभार्थी तक पूरी सप्लाई चेन को ट्रैक किया जा सकेगा। बोरी पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन करते ही मिलिंग सीजन, धान खरीद एजेंसी का नाम और संबंधित खरीद केंद्र की जानकारी सामने आ जाएगी। इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य PDS चावल की कालाबाजारी और रीसायकल की शिकायतों को पूरी तरह समाप्त करना है।

कोरबा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत का भाजपा सरकार पर हमला

कोरबा में मीडिया से चर्चा करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भाजपा सरकार और प्रशासनिक तंत्र पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार के भीतर सब ठीक नहीं है और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी कामकाज से असंतुष्ट हैं। डॉ. महंत ने आरोप लगाया कि विधानसभा में मंत्री विपक्ष के सवालों का सीधा जवाब देने के बजाय पिछली सरकार का हवाला देकर बात टालते हैं। इसके अलावा उन्होंने जिला खनिज न्यास (DMF) फंड में अनियमितता, रेत खदान पट्टा और कोयला कारोबार में बिचौलियों व अधिकारियों के संरक्षण का आरोप लगाया।

अंबिकापुर में कांग्रेस का संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर

अंबिकापुर में आयोजित कांग्रेस के संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूती और चुनाव जीतने के गुर सिखाए। शिविर की शुरुआत गणेश वंदना, ध्वज वंदन और योग सत्र के साथ हुई। दिनभर चले कुल सात सत्रों में कांग्रेस की नीतियों, धर्मनिरपेक्षता, सत्ता-संगठन के तालमेल, आदिवासी अधिकारों और सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल पर चर्चा की गई।

Deeksha Mishra
लेखक / पत्रकार:

Deeksha Mishra

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन