DP World Nava Raipur Open 2026 professional golfers playing at Fairway Golf and Country Club
DP World Nava Raipur Open 2026 professional golfers playing at Fairway Golf and Country Club

Chhattisgarh Golf Destination: छत्तीसगढ़ अब सिर्फ पारंपरिक खेल आयोजनों तक सीमित नहीं है। प्रदेश में बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के साथ अब प्रोफेशनल गोल्फ ने भी दस्तक दी है। नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026 का आयोजन हो रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इसे छत्तीसगढ़ की बढ़ती खेल संस्कृति और बदलती पहचान से जोड़ा। प्रतियोगिता में देश-विदेश के 132 प्रोफेशनल खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं।

नई पहचान की ओर बढ़ता गोल्फ

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रोफेशनल गोल्फ का इतना प्रतिष्ठित आयोजन नवा रायपुर में होना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026 आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बनेगा। मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया। उन्होंने देश-विदेश से पहुंचे खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ की धरती पर स्वागत किया। इस दौरान 1983 क्रिकेट विश्वकप विजेता भारतीय टीम के कप्तान और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कपिल देव भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खुद भी गोल्फ खेला और शानदार शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्हें गोल्फ खेलते देखकर वहां मौजूद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भी उत्साह नजर आया।

132 खिलाड़ी, 18 विदेशी चेहरे

इस प्रतियोगिता में 132 प्रोफेशनल गोल्फ खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 18 विदेशी खिलाड़ी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश-दुनिया के खिलाड़ियों का नवा रायपुर पहुंचना प्रदेश में खेलों के लिए तैयार हो रहे बेहतर माहौल को दिखाता है। ऐसे आयोजनों का असर केवल मैदान तक सीमित नहीं रहता। इससे प्रदेश की पहचान मजबूत होती है। खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलता है। साथ ही स्थानीय युवाओं को बड़े खिलाड़ियों को करीब से देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है।

फिल्मों में गोल्फ देखा, अब खुद मेजबानी कर रहा छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री साय ने गोल्फ से जुड़ी अपनी पुरानी यादों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक समय लोग गोल्फ के बारे में सिर्फ सुनते थे या फिल्मों में इसे खेलते हुए देखते थे। आज छत्तीसगढ़ उसी खेल के बड़े प्रोफेशनल टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले गोल्फ को उद्योगपतियों और संपन्न वर्ग से जुड़े खेल के तौर पर देखा जाता था। अब इसका दायरा बढ़ रहा है और नए खिलाड़ी भी इससे जुड़ रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी गोल्फ की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। राज्य सरकार ने गोल्फ को बढ़ावा देने और जरूरी सुविधाओं के विस्तार के साथ प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं के आयोजन में सहयोग देने की बात कही है।

खेल अधोसंरचना का विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास से जोड़कर आगे बढ़ा रही है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है और विभिन्न खेलों के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन हो रहे हैं। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर संसाधन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंच दिलाने के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन को बजट में शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ के संकल्प का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में नेशनल ट्राइबल गेम्स का आयोजन हो चुका है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से करीब 2500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक ने भी दूरस्थ इलाकों के हजारों बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया है।

बस्तर में खेल के मैदानों तक पहुंच रहे युवाओं के सपने

मुख्यमंत्री ने बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता और वहां शांति, विश्वास और विकास के बढ़ते माहौल का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक में युवाओं की व्यापक भागीदारी इस बदलाव को दिखाती है। जिन इलाकों की पहचान कभी हिंसा और नक्सलवाद से होती थी, वहां अब युवा खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा और ऊर्जा दिखा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इसे बदलते बस्तर और बदलते छत्तीसगढ़ की तस्वीर बताया। प्रदेश में क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी और एथलेटिक्स सहित कई खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। अब प्रोफेशनल गोल्फ के बड़े आयोजन भी इस खेल यात्रा में नया आयाम जोड़ रहे हैं।

कपिल देव बोले- हर साल होना चाहिए गोल्फ टूर्नामेंट

प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कपिल देव ने आयोजन में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और छत्तीसगढ़ सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे बड़े प्रोफेशनल आयोजन खेल संस्कृति को मजबूत करते हैं और नई प्रतिभाओं को प्रेरित करते हैं। कपिल देव ने इच्छा जताई कि डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन का आयोजन छत्तीसगढ़ में हर साल हो। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों की तारीखें पहले से तय होने पर देश-विदेश के खिलाड़ी अपने अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट कैलेंडर के हिसाब से यहां आने की योजना बना सकेंगे। उन्होंने छत्तीसगढ़ के वातावरण को गोल्फ के लिए अनुकूल बताया। साथ ही यहां खिलाड़ियों को मिलने वाले आत्मीय आतिथ्य की भी सराहना की। कपिल देव ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन में अपनी जगह बना सकता है। पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप चहल ने भी छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों को मिलने वाले स्वागत और यहां के गोल्फ कोर्स व व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां खेलने वाले खिलाड़ी दोबारा छत्तीसगढ़ आने की इच्छा जताते हैं।

गोल्फ के बहाने छत्तीसगढ़ की संस्कृति और पर्यटन से जुड़ेंगे खिलाड़ी

मुख्यमंत्री साय ने प्रतियोगिता में पहुंचे खिलाड़ियों से छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति को करीब से देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी यहां से टूर्नामेंट की यादों के साथ छत्तीसगढ़ के लोगों के आत्मीय आतिथ्य और खूबसूरत अनुभव भी लेकर जाएं। उन्होंने बस्तर के चित्रकोट जलप्रपात समेत राज्य के प्राकृतिक स्थलों का उल्लेख किया। सरगुजा की पहाड़ियों, वनों और विशिष्ट संस्कृति की भी बात की। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता के साथ समय निकालकर इन क्षेत्रों को जानने और पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का आग्रह किया। डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026 के जरिए नवा रायपुर को प्रोफेशनल गोल्फ के बड़े मंच पर जगह मिल रही है। बड़े खेल आयोजनों, बढ़ती खेल अधोसंरचना और खिलाड़ियों के लिए तैयार हो रहे नए अवसरों के साथ छत्तीसगढ़ अपनी नई स्पोर्ट्स पहचान की ओर आगे बढ़ रहा है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।