रविवार, 4 अक्तूबर 2026 रवि, 4 अक्तू॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
छत्तीसगढ़

Chhattisgarh Government Recruitment:पटवारी से प्यून तक भर्ती में बड़ा बदलाव, अब ऐसे होगा चयन

Chhattisgarh Government Recruitment: छत्तीसगढ़ में सरकारी विभागों और कार्यालयों में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती का तरीका बदल रहा है। अब इन पदों को विभागीय स्तर पर भरने की व्यवस्था सीमित करने और कर्मचारी चयन मंडल के जरिए परीक्षा कराने पर जोर दिया जा रहा है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद […]

Chhattisgarh Government Recruitment
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

Chhattisgarh Government Recruitment: छत्तीसगढ़ में सरकारी विभागों और कार्यालयों में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती का तरीका बदल रहा है। अब इन पदों को विभागीय स्तर पर भरने की व्यवस्था सीमित करने और कर्मचारी चयन मंडल के जरिए परीक्षा कराने पर जोर दिया जा रहा है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद राजस्व निरीक्षक, पटवारी और सहायक ग्रेड-3 से लेकर वाहन चालक, प्यून, चौकीदार और माली तक के पदों पर मंडल की परीक्षा के जरिए भर्ती होगी।

कई विभाग अपने भर्ती नियमों में संशोधन कर चुके हैं। कई अन्य विभागों में नियम बदलने की प्रक्रिया चल रही है। नियमों में बदलाव के बाद संबंधित विभागों के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पद कर्मचारी चयन मंडल की परीक्षा व्यवस्था के दायरे में आ जाएंगे।

किन विभागों के पद होंगे शामिल?

नई परीक्षा व्यवस्था में सामान्य प्रशासन, गृह-पुलिस, वन एवं जलवायु परिवर्तन, जेल, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जल संसाधन, आदिम जाति विकास और समाज कल्याण विभाग के पद शामिल किए गए हैं। इसके अलावा संस्कृति, कृषि, उद्यानिकी, खनिज, खेल एवं युवा कल्याण, महिला एवं बाल विकास, श्रम, सहकारिता और राजस्व विभाग के तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पद भी इसके दायरे में हैं। ऊर्जा, मत्स्य, मुद्रण एवं लेखन सामग्री विभाग के साथ निगम और सहकारी संस्थाओं के पद भी परीक्षा व्यवस्था में शामिल किए गए हैं। कई अन्य शासकीय विभाग भी भर्ती नियमों में बदलाव की तैयारी कर रहे हैं।

सात समूहों में बांटे गए सरकारी पद

कर्मचारी चयन मंडल ने पदों को न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता और सेवा की प्रकृति के आधार पर सात समूहों में बांटा है। इनमें अभियांत्रिकी सेवा के उप अभियंता, स्नातक और पोस्ट ग्रेजुएट स्तर के तकनीकी एवं प्रशासनिक पद शामिल हैं। इसके अलावा कार्यालयीन एवं आशुलिपिक पद, शैक्षणिक सेवा, वर्दीधारी सेवा, विज्ञान एवं स्वास्थ्य सेवा तथा हाईस्कूल और तकनीकी स्तर के पदों को भी अलग-अलग समूहों में रखा गया है। हाल ही में कर्मचारी चयन मंडल ने वर्ष 2027 में होने वाली परीक्षाओं का कैलेंडर जारी किया है। इसमें कई विभागों की परीक्षाओं का उल्लेख किया गया है।

किन पदों पर होगी परीक्षा?

स्नातक स्तर के समूह में सहायक प्रबंधक, श्रम एवं खाद्य निरीक्षक, सहकारिता निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक, पटवारी और अमीन जैसे पद शामिल हैं। इसी समूह में कनिष्ठ रोजगार अधिकारी, सहायक सांख्यिकी अधिकारी, सहायक प्रोग्रामर और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के पद भी हैं। कार्यालयीन श्रेणी में सहायक ग्रेड-3, स्टेनो टाइपिस्ट, डेटा एंट्री ऑपरेटर और पंजीयन लिपिक जैसे पद शामिल किए गए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े पदों में स्टाफ नर्स, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, लैब तकनीशियन और फार्मासिस्ट सहित अन्य तकनीकी पद शामिल हैं।

वाहन चालक से चौकीदार तक के पद भी दायरे में

सबसे निचले शैक्षणिक स्तर वाले सातवें समूह में वाहन चालक के साथ भृत्य, चौकीदार, स्वीपर और माली जैसे पद रखे गए हैं। इसमें हमाल, वार्ड बॉय, आया, केयरटेकर, रसोइया, जांच अनुचर, मत्स्य जमादार और वाटरमेन के पद भी शामिल हैं। इस तरह अलग-अलग विभागों में अलग चयन प्रक्रिया की जगह परीक्षा आधारित केंद्रीकृत भर्ती व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

बैकडोर भर्ती पर उठते रहे हैं सवाल

छत्तीसगढ़ में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर बैकडोर एंट्री को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। विभागों की ओर से स्वायत्त रूप से कराई जाने वाली सीधी भर्तियों में स्थानीय स्तर पर पारदर्शिता की कमी, पक्षपात और नियमों की अनदेखी के आरोप लगते रहे हैं। कुछ मामलों में बिना प्रतियोगी परीक्षा या केवल साक्षात्कार के आधार पर भर्ती किए जाने के आरोप भी सामने आए। इन अनियमितताओं को खत्म करने और भर्ती प्रक्रिया में प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी की भर्ती को कर्मचारी चयन मंडल के अधीन केंद्रित किया जा रहा है।

Deeksha Mishra
लेखक / पत्रकार:

Deeksha Mishra

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन