रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य के कर्मचारी लंबे समय से 2% महंगाई भत्ता (DA) और एरियर भुगतान की मांग कर रहे हैं। इस बीच, कल (मंगलवार को) मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक होने जा रही है, जिसमें कर्मचारियों के डीए और एरियर को लेकर बड़ा फैसला लिए जाने की संभावना है।
फेडरेशन ने दी है आंदोलन की चेतावनी
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने राज्य सरकार से मांग की है कि कर्मचारियों को जनवरी 2026 से 2% अतिरिक्त डीए और उसका एरियर देय तिथि से दिया जाए। इसके अलावा, कर्मचारियों के लिए लंबे समय से लंबित कैशलेस चिकित्सा सुविधा को भी तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग उठाई गई है।
फेडरेशन का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों की इन जायज मांगों पर जल्द विचार किया जाना चाहिए। फेडरेशन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार जल्द ही इन मांगों का निराकरण नहीं करती है, तो कर्मचारियों को मजबूरन आगामी दिनों में बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री से हो चुकी है मुलाकात
अपनी मांगों को लेकर कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने पहले भी मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री से कई दौर की मुलाकातें की हैं। कर्मचारियों को उम्मीद है कि कल होने वाली कैबिनेट बैठक में सरकार उनके पक्ष में सकारात्मक निर्णय लेगी, जिससे प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को राहत मिल सकेगी।



