धमतरी के रुद्री घाट पर 108 दीपों के साथ आयोजित भव्य महानदी गंगा आरती
सावन के पहले सोमवार धमतरी के रुद्री घाट पर आयोजित पहली भव्य महानदी गंगा आरती में शामिल श्रद्धालु।

Dhamtari Mahanadi Ganga Aarti: सावन के पहले सोमवार पर धमतरी के रुद्री स्थित चित्रोत्पला महानदी तट पर पहली बार काशी की तर्ज पर भव्य महानदी गंगा आरती का आयोजन किया गया। 108 दीपों की रोशनी, शंखनाद, वैदिक मंत्रोच्चार और घंटियों की गूंज के बीच रुद्री घाट भक्तिमय माहौल में डूब गया।

इसी अवसर पर प्रदेश सरकार की ओर से रुद्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर के विकास के लिए लगभग 20 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना की भी जानकारी दी गई। इस योजना के तहत रुद्रेश्वर धाम को आधुनिक सुविधाओं से युक्त धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

काशी की तर्ज पर शुरू हुई महानदी गंगा आरती

धमतरी युवा ब्रिगेड और श्री रुद्रेश्वर महादेव परिवार के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार अब सावन के प्रत्येक सोमवार को महानदी के तट पर नियमित रूप से गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। 108 दीपों की आरती, वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक पूजा-पद्धति ने पूरे घाट को आध्यात्मिक बना दिया।

20 करोड़ की योजना से बदलेगी रुद्रेश्वर धाम की तस्वीर

संस्कृति एवं पर्यटन विभाग की प्रस्तावित योजना के तहत रुद्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर का विकास तीन चरणों में किया जाएगा। इसका उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ पर्यटन सुविधाओं का विस्तार करना है। योजना के तहत मंदिर की पारंपरिक भारतीय स्थापत्य शैली को संरक्षित रखते हुए मुख्य प्रवेश द्वार, आकर्षक शिखर, तोरण, दीप स्तंभ और विशाल नंदी प्रतिमा का निर्माण किया जाएगा।

श्रद्धालुओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

  • चौड़े पैदल मार्ग
  • विश्राम गृह
  • प्रसाद एवं स्मृति केंद्र
  • फूड कोर्ट
  • सुरक्षित घाट
  • डिजिटल सूचना प्रणाली
  • एआई (AI) आधारित हेल्थ कियोस्क
  • स्वास्थ्य सुविधाएं

पर्यटन और पर्यावरण दोनों पर रहेगा फोकस

मंदिर परिसर में उद्यान, सांस्कृतिक मंडप, रिवर फ्रंट कॉटेज, ओपन एयर स्टेज और भविष्य में मरीन ड्राइव की तर्ज पर तट विकसित करने की भी योजना है। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सौर ऊर्जा आधारित पार्किंग, ईवी चार्जिंग स्टेशन, वर्षा जल संचयन और वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन जैसी व्यवस्थाएं भी विकसित की जाएंगी।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में विधायक ओंकार साहू, महापौर जगदीश रामू रोहरा, कलेक्टर तथा पूर्व विधायक रंजना साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आयोजकों का मानना है कि महानदी गंगा आरती और रुद्रेश्वर धाम का विकास धमतरी में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देगा। साथ ही स्थानीय व्यापार, रोजगार और जनसहभागिता को भी बढ़ावा मिलेगा।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।