Chhattisgarh Media Insurance Scheme 2026: छत्तीसगढ़ में काम कर रहे पत्रकारों और अन्य मीडिया कर्मियों को स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा सुरक्षा देने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य सरकार ने इसके लिए ‘छत्तीसगढ़ मीडिया कर्मी स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना-2026’ का प्रारूप तैयार किया है।
योजना को अंतिम रूप देने और उसके क्रियान्वयन से पहले 1 से 30 नवंबर 2026 तक सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। मीडिया कर्मी जनसंपर्क विभाग की वेबसाइट पर योजना का प्रारूप पढ़कर अपनी राय ईमेल के जरिए भेज सकते हैं।
योजना के प्रारूप पर एक महीने तक मांगी गई राय
राज्य शासन की इस पहल का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में कार्यरत मीडिया कर्मियों को स्वास्थ्य और दुर्घटना बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में व्यवस्था तैयार करना है। इसके लिए योजना का प्रारूप तैयार किया गया है। अब सरकार इसके प्रावधानों और क्रियान्वयन की प्रक्रिया पर मीडिया कर्मियों से सुझाव ले रही है। जनसंपर्क विभाग ने योजना का प्रारूप अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किया है। सुझाव देने के लिए 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक की अवधि तय की गई है।
इस ईमेल पर भेज सकते हैं सुझाव
मीडिया कर्मी योजना के प्रारूप और इसके क्रियान्वयन से संबंधित अपनी राय ईमेल के माध्यम से भेज सकते हैं। इसके लिए विभाग ने [email protected] ईमेल आईडी जारी की है। योजना का प्रारूप जनसंपर्क विभाग की वेबसाइट www.dprcg.gov.in पर उपलब्ध है। मीडिया कर्मी इसे देखकर अपने सुझाव 30 नवंबर 2026 तक भेज सकते हैं।



